नोएडा, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में लगातार गंभीर बनी वायु प्रदूषण की स्थिति के बीच प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने सोमवार को गौतमबुद्धनगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर उड़ने वाली धूल, गंदगी और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट के उचित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
यूपीपीसीबी के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह और मुख्य पर्यावरण अधिकारी राधेश्याम ने सोमवार को जनपद का दौरा किया। यह निरीक्षण दिल्ली-एनसीआर में लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) और वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए किया गया। अधिकारियों ने जिले में प्रदूषण नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण से पहले यूपीपीसीबी अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनपद में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
इस दौरान प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे कदमों, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और उनके बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह से भी प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को लेकर चर्चा की गई।
इसके बाद अध्यक्ष ने नोएडा क्षेत्र में यमुना पुस्ता मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक सड़क की स्थिति, साफ-सफाई और धूल नियंत्रण से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क की मरम्मत, मार्ग पर जमा धूल-मिट्टी की सफाई और निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। यूपीपीसीबी अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर जमा धूल और मिट्टी को तत्काल साफ कराया जाए। साथ ही जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल के कण हवा में न फैलें।
उन्होंने सीएंडडी वेस्ट को खुले में पड़े रहने से रोकने और उसका निर्धारित तरीके से निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। यमुना पुस्ता रोड के निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि पूरे मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, धूल नियंत्रण और आवश्यक रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की मौजूदा गंभीर स्थिति में सड़कों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि मौके पर दिखाई देने वाले परिणाम सुनिश्चित करने होंगे।
अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए आपसी समन्वय के साथ काम करें। ग्रैप के तहत जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने साफ किया कि मौजूदा हालात में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार, सहायक अभियंता मुकेश कुमार, यूपीपीसीबी नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी रितेश कुमार तिवारी और यूपीपीसीबी ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

