Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पेपर लीक पर दोषियों की संपत्ति होगी जब्त, संसद में आएगा सख्त...

पेपर लीक पर दोषियों की संपत्ति होगी जब्त, संसद में आएगा सख्त कानून : सीएम योगी

0
6

फतेहपुर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और भविष्य में पेपर लीक जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार संसद में सख्त कानून लाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को जेल भेजने के साथ उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। फतेहपुर के मदारीपुर कला मैदान में 489 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई है और नई शिक्षा नीति युवाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रही है। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराधियों के लिए अब कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए केवल दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध और भू-माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की गई है तथा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच निकली अधिकांश भर्तियां विवादों में रहीं और योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं हुआ। इसके विपरीत उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी आकांक्षी जिलों में शामिल फतेहपुर आज विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले जिले के विकास के लिए मिलने वाले संसाधनों का दुरुपयोग होता था, जबकि वर्तमान सरकार ने मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल, अस्पताल, बिजली, कंपोजिट विद्यालय, नर्सिंग कॉलेज और अन्य बुनियादी परियोजनाओं के माध्यम से विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण फतेहपुर अब पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकल रहा है और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनता से विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए भाजपा का समर्थन करने की भी अपील की।

–आईएएनएस

विकेटी/एएस