ग्रेटर नोएडा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और नदियों की स्वच्छता को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, सड़कों की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और यमुना एवं हिंडन नदियों की स्वच्छता से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और प्राधिकरणों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने जिलाधिकारी को विभिन्न समितियों के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 के तहत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग की प्रगति से भी अवगत कराया।
इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्य के सापेक्ष रोपित पौधों की जियो-टैगिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। केवल पौधे लगाने तक ही जिम्मेदारी सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनकी नियमित निगरानी कर जीवितता का सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने पौधों के संरक्षण, सिंचाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि वृक्षारोपण अभियान का वास्तविक लाभ पर्यावरण को मिल सके। जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु प्रदूषण की स्थिति और उसे नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के संचालन और सड़कों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित प्राधिकरणों को निर्देशित किया कि सड़कों पर जमा धूल को नियमित रूप से हटाया जाए। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे सड़कों पर धूल उड़ने की समस्या कम हो और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को गति मिल सके। बैठक में विद्युत विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा विकास कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई और उसके बाद उनकी मरम्मत की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर सड़कों की खुदाई करने के बाद उन्हें लंबे समय तक क्षतिग्रस्त अवस्था में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। संबंधित एजेंसियां काम पूरा होते ही खोदी गई सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराएं। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी और सड़क किनारे उड़ने वाली धूल से होने वाले प्रदूषण पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने हॉर्टीकल्चर वेस्ट, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट तथा म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी प्रकार के अपशिष्ट का निर्धारित मानकों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। सार्वजनिक स्थलों, खाली स्थानों और सड़कों पर कूड़ा तथा निर्माण मलबा जमा नहीं होने दिया जाए। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित शासन और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। जिला गंगा समिति की बैठक में यमुना और हिंडन नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नदियों में गिरने वाले अनुपचारित नालों के पानी का उपचार सुनिश्चित करने और जल प्रदूषण रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नदियों एवं नालों में ठोस अपशिष्ट के निस्तारण की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही नदी तटों पर नियमित साफ-सफाई कराने और संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए निर्धारित मानकों का सभी संबंधित विभाग गंभीरता से अनुपालन करें। नदियों में प्रदूषित पानी और ठोस कचरा जाने से रोकने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
बैठक के दौरान संबंधित प्राधिकरणों के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में संबंधित प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आगामी समिति बैठकों में सभी संबंधित प्राधिकरणों और विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर होने वाली बैठकों में अधिकारियों की अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं है।
सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एडीसीपी (मुख्यालय) अर्चना सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे सहित संबंधित प्राधिकरणों, नगर निकायों, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









