खड़गपुर, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कैंपस के बाहर स्थित लोकप्रिय चाय के अड्डे ‘छेदीस’ का जिक्र किया था। इसको लेकर दुकानदार से लेकर वहां चाय पीने आने वाले छात्रों और कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। करीब 65 साल पुरानी यह दुकान आज भी आईआईटी खड़गपुर की पहचान का एक अहम हिस्सा बनी हुई है।
दुकान के मालिक शाहरुख ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आने और दुकान का नाम लेने से उन्हें बहुत सम्मान महसूस हुआ। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान 1961 से चल रही है और अब इसे 65 साल पूरे हो चुके हैं। इतने लंबे समय से यह दुकान आईआईटी के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की पसंदीदा जगह रही है।
शाहरुख ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा दुकान का नाम लिए जाने के बाद से उन्हें लगातार फोन आ रहे हैं। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। आईआईटी के फैकल्टी सदस्य, छात्र और पूर्व छात्र, सभी इस बात से बेहद खुश हैं। उनके लिए यह गर्व की बात है कि उनके संस्थान के सामने इतनी पुरानी दुकान है, जहां पीढ़ियों से लोग आते-जाते रहे हैं। शाहरुख ने कहा कि पूरा परिवार, आईआईटी के छात्र और उनके सभी ग्राहक उनके लिए एक बड़े परिवार की तरह हैं। सबको इस उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है।
शाहरुख ने बताया कि वह 2006 से अपने दादा के साथ इस दुकान पर काम कर रहे हैं। पूर्व छात्र उन्हें अच्छी तरह जानते हैं। 2017 में उनके दादा के निधन के बाद भी उन्होंने दुकान को संभाले रखा और आज भी पूरा परिवार मिलकर इसे चला रहा है। उन्होंने कहा कि सुंदर पिचई जैसे बड़े नाम भी इस दुकान से जुड़े रहे हैं। इन सभी ने भी इस खबर पर खुशी जताई है और बधाई दी है।
चाय पीने आए आईआईटी खड़गपुर के रिसर्च स्कॉलर अनिर्बान नंदा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत चाय की दुकान के बारे में बात करके की, यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यहां की यादें लोगों के दिलों में सालों-साल रहती हैं। 1960 के दशक से चल रही यह दुकान कई बड़ी हस्तियों की यादों से जुड़ी है। सुंदर पिचई से लेकर कई अन्य नामी लोग यहां चाय पीकर गए हैं। यहां बैठकर उन्होंने चाय पर चर्चा की है और अपने जीवन के अहम पल बिताए हैं।
अनिर्बान ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे बड़े नेता का इतने छोटे-छोटे विवरण को याद रखना और अपने भाषण में उसका जिक्र करना, खड़गपुर के लोगों के लिए गर्व की बात है। इससे सभी लोग हैरान भी हुए और खुश भी। उन्होंने कहा कि ये छोटी-छोटी यादें ही लोगों के दिलों को छू जाती हैं।
वहीं, आईआईटी में कैजुअल वर्कर के रूप में काम करने वाले दीपक कुमार ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी दुकान है और आज भी आईआईटी के प्रोफेसर और छात्र यहां चाय पीने आते हैं।









