Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी के पास पहुंचे युवाओं के सुझाव, छात्रों के साथ आगे...

पीएम मोदी के पास पहुंचे युवाओं के सुझाव, छात्रों के साथ आगे भी जारी रहेगा संवाद का सिलसिला: प्रतुल शाहदेव

0
6

रांची, 25 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया संवाद और युवाओं से सीधे जुड़ने की पहल को भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सही बताया है। उन्होंने कहा कि इससे देश के युवाओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और युवाओं के बीच उनकी मजबूत डिजिटल पहुंच है।

भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। प्रधानमंत्री ने खुद इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर युवाओं से संवाद किया और उन्हें मिले समर्थन एवं सुझावों के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया है कि युवाओं से मिले सकारात्मक सुझावों पर विचार किया जाएगा और आगे भी इसी तरह संवाद जारी रहेगा।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर हमेशा संवेदनशील रहते हैं। जिस तरह प्रधानमंत्री ने स्वयं वीडियो बनाकर छात्रों तक अपनी बात पहुंचाई। वह युवाओं के प्रति उनकी चिंता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री के वीडियो को सोशल मीडिया पर बड़ी प्रतिक्रिया मिली और इससे उनकी डिजिटल लोकप्रियता एक बार फिर चर्चा में आई।

पेपर लीक मामले पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। नए प्रावधानों में पेपर लीक करने वालों के लिए 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। साथ ही जांच प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के माध्यम से ही निकाला जा सकता है। छात्रों और संबंधित पक्षों के साथ लगातार वार्ता जारी है और सरकार संवाद के रास्ते को कभी बंद नहीं करेगी।

सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने उनकी कई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया है। कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष इस मुद्दे का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहा है। वांगचुक ने देशहित और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त किया।

दिल्ली में प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाएंगी ताकि छात्रों और आम जनता को परेशानी न हो।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के युवाओं से संवाद बढ़ाने वाले बयान का स्वागत करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं से संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री छात्रों एवं युवाओं की समस्याओं को सुनने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं।