पटियाला, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री विजय इंदर सिंगला ने गुरुवार को कहा कि वे पार्टी के ‘वफादार सिपाही’ हैं और सभी लोग अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में मिलकर काम कर रहे हैं।
पटियाला में जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अगले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बन सकते हैं, तो पंजाब कांग्रेस चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति के अध्यक्ष विजय इंदर सिंगला ने कहा, “मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूं और जब भी मुझे कोई जिम्मेदारी दी गई है, मैंने हमेशा एक कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है। भविष्य में भी मैं इसी तरह सबके साथ मिलकर काम करता रहूंगा। आज हमारे अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग हैं और हम सभी, पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनके साथ काम कर रहे हैं। जब भी पार्टी ने मुझे दूसरे राज्य में काम करने की जिम्मेदारी दी है, मैं वहां गया हूं और पार्टी के लिए काम किया है।”
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही खींचतान पर सवाल पूछे जाने पर सिंगला ने कहा, “भाई, मुझे दिल्ली क्यों जाना चाहिए? संगरूर के गांवों में मेरे कार्यक्रम तय हैं। मैं दिल्ली तभी जाता हूं जब कोई काम हो या दिल्ली से बुलावा आए। ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है।”
विजय इंदर सिंगला ने राज्य में ड्रग्स की समस्या को लेकर भी आप सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ड्रग्स की समस्या को रोकना राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए यह जिम्मेदारी लेने की बात है और जो भी जिम्मेदारी लेने को तैयार है, उसे सख्त कदम उठाने चाहिए। आपने संगरूर के तूर बंजारा गांव में 47 साल के गुलजार के साथ क्या हुआ। यह हम सबके सामने है। इन लोगों ने कहा था कि वे स्वास्थ्य क्रांति लाएंगे। अगर स्वास्थ्य क्रांति आई होती तो शायद गुलजार सिंह को अपना दर्द वित्त मंत्री के साथ साझा नहीं करना पड़ता।”
उन्होंने कहा कि सरकार अगर सख्त कार्रवाई नहीं करेगी तो ड्रग माफियाओं के हौसले और बढ़ जाएंगे और इन चीजों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, “मैं कहना चाहता हूं कि सरकार को इसे रोकना चाहिए। आप देख रहे हैं हर रोज ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। अगर आप सख्त कार्रवाई नहीं करेंगे तो लोगों की हिम्मत बढ़ती रहेगी।”
सिंगला ने कहा कि देश में दो कानून नहीं हो सकते कि ताकतवर लोगों के लिए अलग कानून और आम जनता के लिए अलग कानून हो। उन्होंने कहा कि ऐसा पंजाब में कभी नहीं हुआ। पंजाब के लोग देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों में से एक हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को प्रचार पर ज्यादा पैसा खर्च न करके जिम्मेदारी के साथ ड्रग्स की समस्या और कानून व्यवस्था को मेंटेन करने की जरूरत है। इसके साथ ही बेरोजगारी को खत्म करने की भी जरूरत है।
