पंजाब: हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, 8 पिस्टल और 45 कारतूस बरामद

0
5

जालंधर, 17 मई (आईएएनएस)। पंजाब की जालंधर पुलिस ने चार ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हत्या के मामलों में संलिप्त थे और पिछले कई दिनों से गिरफ्तार से बच रहे थे। आखिर लंबी मशक्कत के बाद पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने में सफल रही। पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के पास से 1 पीएक्स5 पिस्तौल, 1 जिगना पिस्तौल, 3 पिस्तौल (.30 बोर) और 3 अन्य पिस्टल के अलावा 45 कारतूस भी बरामद किए हैं। इन आरोपियों के तार विदेश से भी जुड़े बताए जा रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश में जुट चुकी है कि आखिर यह सभी आरोपी विदेश में किस शख्स के संपर्क में हैं और किनके इशारे पर काम रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी, जो इस पूरे तंत्र में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ निसंदेह कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किया जाएगा।

वहीं, पुलिस ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि इस मामले से जुड़े सभी नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश की जाएगी, ताकि सभी आरोपियों को चिन्हित किया जा सके। आमतौर पर इस तरह की कार्रवाई को एक नेटवर्क के तहत ही अंजाम दिया जाता है। ऐसी स्थिति में पुलिस के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वो ऐसे मामलों से जुड़े नेटवर्क का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

पुलिस का कहना है कि हम पंजाब में शांति स्थापित करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। इस दिशा में हमारी पुलिस किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं कर सकती है। हम अपने राज्य में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। अगर कोई इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो निसंदेह उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। हम इस दिशा में पूरी जीरो टालरेंस की नीति के साथ काम कर रहे हैं।