नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला का मानना है कि गुजरात टाइटंस (जीटी) अब भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ के लिए टॉप-2 में रहकर क्वालीफाई कर सकती है। आईपीएल 2022 की चैंपियन टीम जीटी 13 में से 8 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल दूसरे स्थान पर मौजूद है। इस टीम के पास 16 अंक हैं।
शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के हाथों गुजरात टाइटंस को 29 रन से हार का सामना करना पड़ा था। जीत के लिए 248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइटंस निर्धारित ओवरों में 218/4 का स्कोर ही बना सकी। जीटी के लिए साईं सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान गिल ने 85 रन बनाए। जोस बटलर ने 57 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
पीयूष चावला को लगता है कि गुजरात टाइटंस, अनुकूल नतीजों या नेट रन रेट के लिए दूसरी टीमों पर निर्भर रहने के बजाय, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ अपना अगला मैच जीतकर टॉप-2 में जगह बनाने के लिए बेताब होगी।
चावला ने जियो हॉटस्टार से कहा, “गुजरात टाइटंस थोड़ी चिंतित होगी, क्योंकि वे टॉप दो में जगह बनाना चाहेंगे। मौका अब भी उनके अपने हाथों में है। सीएसके के खिलाफ उनका एक मैच अभी बाकी है। अगर वे वह मैच जीत जाते हैं, तो निश्चित रूप से टॉप-2 में जगह बना लेंगे, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है, तो नेट रन रेट और बाकी सारी चीजें मायने रखने लगेंगी।”
उन्होंने कहा, “आप सुरक्षित रहना चाहते हैं, क्योंकि आप दूसरों पर निर्भर नहीं रहना चाहते, खासकर टूर्नामेंट के इस अहम पड़ाव पर। जो चीजें आपके नियंत्रण में हैं। आप बस यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि आप उन्हें पूरी शिद्दत से करें।”
चावला के अनुसार, 248 रनों जैसे विशाल स्कोर का पीछा करना जीटी के लिए हमेशा से ही एक बड़ी चुनौती होने वाला था, क्योंकि उनके टॉप ऑर्डर में उतनी आक्रामक बल्लेबाजी की ताकत मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा, “शुभमन गिल एक बहुत ही भरोसेमंद बल्लेबाज हैं, जो अपने खेल को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए कई अहम रन बनाए हैं, लेकिन 248 रनों का लक्ष्य एक बिल्कुल अलग बात है। जीटी जैसी टीम के लिए, जो 200 से 210 रनों के आस-पास का स्कोर बनाने या उसका पीछा करने की आदी है, यह हमेशा से ही एक बहुत मुश्किल काम होने वाला था। वे उस रेंज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन जब लक्ष्य 240 के पार चला जाता है, तो उनकी बल्लेबाजी शैली के लिए यह बहुत चुनौतीपूर्ण हो जाता है। जिस तरह से गिल और साई सुदर्शन बल्लेबाजी करते हैं, वे साझेदारियां बनाने पर निर्भर रहते हैं। उनके टॉप ऑर्डर में वैसी विस्फोटक ताकत नहीं है।”

