SGSU Advertisement
Home राजनीति पंजाब की जनता समझदार, ‘आप’ को नकारने के लिए तैयार: राजीव बब्बर

पंजाब की जनता समझदार, ‘आप’ को नकारने के लिए तैयार: राजीव बब्बर

0
3

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता राजीव बब्बर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को नकारने के लिए तैयार है। इस सरकार में पंजाब नशे में डूबा है।

भाजपा नेता राजीव बब्बर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब में ‘आप’ की सरकार में नशीले पदार्थों की लत दस गुना बढ़ गई है। जो लोग नशे के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी हत्या कर दी जा रही है। ऐसे राज्य में और क्या देखने को बचा है। आम आदमी पार्टी पूरी तरह से बेनकाब हो गई है। इन सब बातों के सामने आने के बाद लोगों को अरविंद केजरीवाल के दोहरे मापदंडों का असली चेहरा पता चल गया है। पंजाब के लोग जागरूक हैं और ‘आप’ के दावों का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आप की सरकार से परेशान है। मुझे तो संदेह है कि वे दहाई के आंकड़े में सीटें भी जीत पाएंगे या नहीं। पंजाब के लोगों को उन्हें पूरी तरह से नकार देना चाहिए।

दूसरी ओर, दिल्ली के शीशमहल को जनता के लिए खोले जाने पर राजीव बब्बर ने कहा कि आम आदमी पार्टी कितनी खास है, यह लोगों को समझ आ गया है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद को ‘आम आदमी’ बताकर खुली कॉलर वाली शर्ट पहनकर और खुद को आम इंसान दिखाकर जनता को धोखा देते रहे हैं। वह इतने ऐशो-आराम के शौकीन थे कि उसने नहाने के लिए अपने घर में एक जकूजी (बाथटब) लगवा लिया। ऐसे समय में जब दिल्ली में बहुत से लोग कोविड की चपेट में आ रहे थे, इस तथाकथित ‘आम आदमी’ ने नहाने के लिए जकूजी पर 6 लाख रुपए खर्च कर दिए थे। इसमें सोने की फिटिंग लगवाई गई, ठीक वैसी ही जैसी बड़े फाइव-स्टार होटलों में लग्जरी सुविधाओं के लिए इस्तेमाल होती है। यहां तक कि अपने बाल कटवाने के लिए एक खास नाई की कुर्सी भी लगवाई गई और यह सब जनता के पैसे से किया गया। मुझे लगता है कि बेईमानी की सबसे बड़ी मिसाल सामने आई है, दिल्ली को लूटने का काम किया, इसके बाद पंजाब में वहीं काम किया।