SGSU Advertisement
Home अपराध पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अमृतसर में ड्रग्स और हथियार तस्करी के...

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अमृतसर में ड्रग्स और हथियार तस्करी के तीन बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

0
6

अमृतसर, 15 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में ड्रग्स और हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले 3 बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई की जानकारी पंजाब के डीजीपी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट कर दी है। डीजीपी ने पोस्ट में लिखा, “एक बड़ी कामयाबी में, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले 3 बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 9.549 किलोग्राम हेरोइन, 5.459 किलोग्राम अफीम और एक अवैध .30-बोर पिस्तौल बरामद की है।”

पुलिस के मुताबिक, बरामद की गई हेरोइन और अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।

शुरुआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों के तार सीमा पार बैठे तस्करों से जुड़े हुए थे। वे ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन, अफीम और अवैध हथियारों की खेप मंगवाते थे और फिर पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते थे।

डीजीपी ने पोस्ट में आगे लिखा, “शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशों में बैठे तस्करों से जुड़े थे और आगे बांटने के लिए ड्रोन के जरिए हेरोइन, अफीम और अवैध हथियारों की खेप मंगा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों और सप्लाई नेटवर्क में शामिल उनके साथियों के बीच भी संबंध का पता लगाया है।”

पुलिस ने इस मामले में अमृतसर के कैंटोनमेंट, ए-डिवीजन और छेरटा पुलिस थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक कड़ी है, पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के बैंक अकाउंट, कॉल डिटेल और अन्य साथियों की पहचान कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचा जा सके। ड्रोन कहां से उड़ाए गए, कहां-कहां ड्रॉपिंग हुई और इसके पीछे कौन सा विदेशी हैंडलर है, इस पर भी जांच केंद्रित है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से होने वाली तस्करी पर उसकी कड़ी नजर है।

डीजीपी ने कहा, “पंजाब पुलिस सीमा पार तस्करी पर कड़ी नजर रखने और ड्रग्स की तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

पिछले कुछ महीनों में पंजाब पुलिस ने ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी के कई मामलों का पर्दाफाश किया है। बीएसएफ के साथ मिलकर चलाए जा रहे संयुक्त ऑपरेशन में लगातार हेरोइन और हथियार बरामद हो रहे हैं।