नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। नौकायन एक खेल के रूप में भारत में तेजी से विकसित हो रहा है। वह दिन दूर नहीं, जब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय एथलीट नौकायन में देश के लिए पदक जीतेंगे। भारत को नौकायन के क्षेत्र में एक खेल राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का श्रेय जिन एथलीटों को जाता है, उनमें पुष्पेन्द्र कुमार गर्ग का नाम प्रमुख है।
पुष्पेन्द्र कुमार गर्ग का जन्म 22 नवंबर 1963 को उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुआ था। गर्ग को भारत का पहला एकल नौकायात्री माना जाता है। 1984 में भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद उन्हें 1985 में पहली बार विश्व परिक्रमा करने का अवसर मिला। यह यात्रा 15,000 समुद्री मील की थी। 14 महीने की इस यात्रा में छह नौसैनिकों ने भाग लिया था।
15,000 समुद्री मील की यात्रा ने पुष्पेन्द्र के मन में एकल नौकायन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और फिर उन्होंने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिस पर पूरा देश गर्व करता है।
गर्ग भारतीय नौसेना के पूर्व लेफ्टिनेंट कमांडर और देश के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने एकल नौकायन द्वारा विश्व भ्रमण पूरा किया। उन्होंने 2014 में 50 साल की उम्र में 56 फुट लंबी नाव ‘करुणा’ से मुंबई से अकेले नौकायन शुरू किया और ‘सूगर चैलेंज’ रूट के तहत पूरी दुनिया की परिक्रमा की। यह रूट केप ऑफ गुड होप, केप ल्यूइन और केप हॉर्न—तीनों महान केपों को दक्षिण से पार करना अनिवार्य करता है, जो विश्व की सबसे खतरनाक समुद्री यात्राओं में मानी जाती है।
30,374 समुद्री मील (लगभग 56,250 किमी) की यह यात्रा उन्होंने 4 अगस्त 2014 से 28 मार्च 2015 तक मात्र 237 दिनों में पूरी की। गर्ग ने अपनी नाव ‘करुणा’ से 2014-15 में विश्व परिक्रमा करते हुए वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता हासिल की थी। वे सूगर रूट पूरा करने वाले एशिया के पहले व्यक्ति थे।
1993 में उन्होंने जिम्बाब्वे में एंटरप्राइज क्लास वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल और 1997 में गोवा, इंडिया में एंटरप्राइज क्लास वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था।
पुष्पेन्द्र कुमार गर्ग की समुद्री यात्राएं न सिर्फ भारत के, बल्कि दुनियाभर के लोगों के लिए साहस और वीरता के पर्याय की तरह हैं। उन्हें भारत सरकार द्वारा अर्जुन पुरस्कार और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।









