नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों, रामलीला मैदान में प्रदर्शन के नए नियमों, शरजील इमाम पर अमेरिकी आयोग की टिप्पणी, झारखंड में नाबालिग आदिवासी लड़की से कथित दुष्कर्म और सनातन परंपराओं को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी पटेल के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर सनातन संस्कृति के प्रति विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा किया।
प्रदीप भंडारी की ओर से राहुल गांधी से छठ पूजा को लेकर माफी मांगने की मांग पर आरपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार सनातनी पर्वों पर सवाल उठाते हैं और उनका उपहास उड़ाते हैं। राहुल गांधी ने पिछले लाव छठ पर्व के दौरान इस महापर्व को ‘ड्रामा’ बताया था। आरपी सिंह ने कहा कि प्रदीप भंडारी ने उनसे पूर्वांचली समाज से माफी मांगने को कहा है और राहुल गांधी को पूरे पूर्वांचली समाज से माफी मांगनी चाहिए।
रामलीला मैदान में प्रदर्शन के लिए बनाए गए नए नियमों पर आरपी सिंह ने कहा कि मैदान में एक समय पर 50 हजार से अधिक लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि उसकी क्षमता भी इतनी ही है। इससे अधिक लोगों के जमा होने पर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। इसी कारण यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन और कार्यक्रमों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगाए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पहले भी इस तरह के आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले राहुल गांधी ने सॉफ्टवेयर का भी जिक्र किया था। जब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कमेटी बनाई और फोन जमा करने की बात कही गई, तब राहुल गांधी पीछे हट गए थे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी खबरों में बने रहने के लिए समय-समय पर कोई नया नकारात्मक मुद्दा उठाते हैं। उनका फोन टैप नहीं हो रहा है और इस तरह के आरोप केवल नकारात्मक माहौल बनाने के लिए लगाए जा रहे हैं।
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा द्वारा शरजील इमाम पर अमेरिकी आयोग यूएससीआईआरएफ की टिप्पणी का विरोध किए जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में किसी विदेशी संस्था को हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह मामला अदालत में लंबित है और इस पर फैसला न्यायालय ही करेगा। सुप्रीम कोर्ट का फैसला सर्वमान्य होगा और किसी बाहरी एजेंसी का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।
झारखंड में एक नाबालिग आदिवासी लड़की के कथित दुष्कर्म के मामले पर आरपी सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व को घेरा। उन्होंने राहुल गांधी से संबंधित व्यक्ति को निलंबित करने या पार्टी से निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले पर राहुल गांधी चुप हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा के पुराने नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि अब वह कहां हैं। आरपी सिंह ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी पटेल की टिप्पणियों पर आरपी सिंह ने कहा कि धर्म, संस्कृति और आस्था को चोट नहीं पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसपी पटेल गणेश चतुर्थी, दीपावली और छठ पूजा जैसे त्योहारों पर सवाल उठाते हैं। गणेश प्रतिमा के विसर्जन में मिट्टी के पानी में घुलने से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को सनातन परंपराओं से परेशानी है।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर आरपी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता चाहे जो गठबंधन करें, उनके उम्मीदवारों की जमानत जब्त होगी और उन्हें नोटा से भी कम वोट मिलेंगे।
जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध पांच साल बढ़ाए जाने के फैसले पर आरपी सिंह ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जाकिर नाइक का फाउंडेशन आतंकवादियों को फंडिंग करता था। इसी वजह से प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई है।

