SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राजस्थान: बूंदी के जतिन नामा जापान के टोक्यो महानगरीय विश्वविद्यालय में बने...

राजस्थान: बूंदी के जतिन नामा जापान के टोक्यो महानगरीय विश्वविद्यालय में बने असिस्टेंट प्रोफेसर, परिवार में खुशी का माहौल

0
6

बूंदी, 28 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के बूंदी जिले के बालचंद पाड़ा की गलियों से निकलकर एक शख्स अपनी लगन और मेहनत से क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर, गुजरात से रसायन शास्त्र विषय में “हाइड्रोजन ऊर्जा क्षेत्र” में विद्यावाचस्पति की उपाधि प्राप्त करने वाले जतिन नामा का चयन जापान के टोक्यो महानगरीय विश्वविद्यालय में आचार्य पद पर हुआ है। जतिन 28 सितंबर सोमवार को जापान के लिए रवाना होंगे और अगले महीने कार्यभार ग्रहण करेंगे।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए जतिन नामा ने कहा, “बचपन से लेकर मास्टर की पढ़ाई बूंदी में रहकर की है। 2020 में आईआईटी गांधीनगर पहुंचा, वहां प्रोफेसर सुधांशु शर्मा के साथ पीएचडी ज्वाइन की। टोक्यो महानगरीय विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद मिला है। घर में खुशी का माहौल है। इस सफलता का श्रेय घरवालों को जाता है। घर में एक ही बाइक थी और पिता मेरे लिए गाड़ी छोड़कर तीन किलोमीटर पैदल ऑफिस जाते थे। मेरे भाई और भाभी ने काफी आर्थिक मदद की है। पत्नी ने मेरा बहुत साथ दिया है।”

जतिन के पिता नारायण नामा ने आईएएनएस से कहा, “मेहनत से कामयाबी हासिल करने के लिए बेटे को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे गर्व है कि बच्चे के साथ मेरा भी सम्मान हो रहा है। आप लोगों को देखकर अच्छा लग रहा है।”

जतिन की पत्नी अनुराधा नामा ने आईएएनएस से कहा, “हम लोगों को इनपर गर्व है कि बूंदी जैसे जगह से उठकर आईआईटी का सफर तय किया और अब देश के बाहर जाकर वहां पढ़ाएंगे और रिसर्च करेंगे। इनके साथ मैं भी जाऊंगी तो इमोशनल भी हूं कि पूरे परिवार को छोड़कर जाना पड़ेगा। उन्नति के साथ अपनों को छोड़कर जाने का दुख है। इनकी सफलता बूंदी के बच्चों के लिए प्रेरणा है कि वे भी आगे बढ़ें और बूंदी, राजस्थान और देश का नाम रोशन करें।”

जतिन के पड़ोसी पीयूष पाचक ने कहा, “यह हमारे साथ-साथ पूरे बूंदी के लिए गर्व का विषय है। अपनी मेहनत से लक्ष्य को हासिल किया है। हमारी बूंदी की गलियों में खेलने वाला जतिन जापान के बच्चों को पढ़ाएगा। जतिन को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामना है।”