जैसलमेर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के जैसलमेर जिले के झिंझिनयाली थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे में बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पैसे के लालच में पड़ोसी युवक ने ही इस वारदात को अंजाम दिया था।
दरअसल, 21 अप्रैल की रात बीरे की ढाणी निवासी हथुदेवी (50) घर में अकेली सो रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला हेमसिंह (22) अवैध टोपीदार बंदूक लेकर उनके घर पहुंचा और खिड़की से सो रही महिला के सिर पर फायर कर दिया। गोली के छर्रे सिर और गले में धंसने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी घबरा गया और चोरी नहीं कर सका। मामले को लूट का रूप देने के लिए उसने घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी कर करीब 8 किलोमीटर दूर ले जाकर लावारिस छोड़ दिया। अगली सुबह 22 अप्रैल को मृतका का पति अमराराम जब शादी समारोह से लौटकर अपने ट्यूबवेल (खेत) पहुंचा तो पत्नी का शव देखकर स्तब्ध रह गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और विशेष टीमों का गठन किया जाकर जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान आरोपी हेमसिंह पुलिस के साथ रहकर मदद का दिखावा करता रहा। साथ ही सबूत मिटाने की भी कोशिश करता रहा। उसने रेत में पैरों और ट्रैक्टर के निशान तक मिटाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सका।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे प्रेसवर्ता आहूत कर इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जैसलमेर से करीब 100 किमी दूर झिनझिनयाली थाना क्षेत्र के बीरे की ढाणी में 21 अप्रैल की रात एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था। 22 अप्रैल को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीमें बनाकर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस पड़ताल में आरोपी हेम सिंह संदिग्ध लगा, वारदात के समय घटनास्थल पर हेमसिंह की लोकेशन ने संदेह को और गहरा कर दिया। इसके पश्चात पुलिस द्वारा उससे सख्ती से पूछताछ की जाने पर उसने जुर्म को कबूल किया।
एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि आरोपी हेम सिंह शराब का आदी है, और उस पर अत्यधिक कर्ज है। पड़ोसी के घर में रखे 5-6 लाख रुपए की कीमत के जीरे को देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई थी। पूर्व में भी जीरे की खरीद-फरोख्त को लेकर उसका मृतका के पति अमराराम से विवाद भी हुआ था।
आरोपी ने लूट का नाटक रचने के लिए ट्रैक्टर चोरी किया था, लेकिन मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी हेमसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा अवैध हथियार बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

