Monday, June 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: तेज गेंदबाज खलील अहमद की सफल रही सर्जरी

आईपीएल 2026: तेज गेंदबाज खलील अहमद की सफल रही सर्जरी

0
18

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने फैंस को अच्छी खबर दी है। चोटिल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद की सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है, जिन्हें दाहिने क्वाड्रिसेप्स में चोट लगने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से बाहर होना पड़ा था।

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक अपडेट में कहा, “खलील की सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है। हम उनके जल्द ठीक होने और मजबूत वापसी की कामना करते हैं।”

28 वर्षीय तेज गेंदबाज खलील अहमद 16 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुए थे।

रन-अप के दौरान खलील अचानक रुक गए। शुरुआत में ऐसा लगा कि उन्हें क्रैम्प्स (ऐंठन) है, लेकिन उन्हें दाहिना पैर पकड़े हुए देखा गया। इसके बाद खलील को अपने स्पेल के बीच में ही मैदान छोड़ना पड़ा उनका ओवर साथी खिलाड़ी गुरजपनीत सिंह ने पूरा किया। बाद में मेडिकल जांच में पता चला कि उनके क्वाड्रिसेप्स में चोट है। इस तरह की चोट एक तेज गेंदबाज के लिए काफी गंभीर मानी जाती है।

आईपीएल 2026 का सीजन अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है। ऐसे में खलील का टीम में न होना सीएसके के लिए एक बड़ा झटका है। वह टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण का एक अहम हिस्सा थे, उनके बाहर होने से टीम की गेंदबाजी यूनिट और भी कमजोर पड़ गई है।

फ्रेंचाइजी इस समय अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी की गैरमौजूदगी से भी जूझ रही है, जो पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। वहीं, विदेशी तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन भी टीम से जुड़ चुके हैं, लेकिन वह पीठ के स्ट्रेस फ्रैक्चर से वापसी कर रहे हैं।

हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की है और फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने हाल ही में मुंबई इंडियंस पर 103 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम ने पिछले चार में से तीन मुकाबले जीते हैं, जिसमें संजू सैमसन और अकील होसेन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से होगा।