रांची, 20 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंदी के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा के मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर जेल के इस मामले के साथ मई 2026 में सामने आए महिला बंदी से जुड़े प्रकरण की भी जांच सीबीआई से कराने का आग्रह किया है।
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में आरोप लगाया है कि जेल में एक पूर्व विचाराधीन बंदी के साथ तीन बार सामूहिक यौन हिंसा की गई। उसे नशीला पदार्थ पिलाने, शिकायत दबाने और इलाज नहीं कराने के भी आरोप हैं। इस मामले में 12 नवंबर को खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, चिकित्सा अधिकारी सहित 19 आरोपितों के नाम शामिल हैं।
मरांडी ने सवाल उठाया है कि पुलिस को चार नवंबर को ही घटना की सूचना मिलने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने में आठ दिन क्यों लगे। उन्होंने मामले में दर्ज कानूनी धाराओं की भी समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि होटवार जेल में पहले भी गंभीर अनियमितताओं और घटनाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में मई 2026 में जेल की एक महिला बंदी के कथित यौन शोषण का मामला भी उठाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था और आठ जून को जेल महानिरीक्षक की जांच तथा राज्य की जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया था।
मरांडी के अनुसार, ऐसे में जेल प्रशासन और राज्य की जांच व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने जेल आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल को पद से हटाकर निलंबित करने और उनकी भूमिका की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा संबंधित जेल अधिकारियों को निलंबित करने, आरोपित कैदियों को दूसरी जेलों में स्थानांतरित करने तथा जेल आईजी की संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की जांच कराने का भी आग्रह किया है।
मरांडी ने कहा है कि जेल प्रशासन से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री की भी जवाबदेही बनती है। उन्होंने मांग की कि होटवार जेल के मौजूदा और पूर्व के गंभीर मामलों की जांच राज्य की एजेंसियों से अलग किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए।









