SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रांची : सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार,...

रांची : सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार, सड़क हादसे में 13 मौतों ने उजाड़ दिया पूरा घर

0
1

रामगढ़, 29 नवंबर (आईएएनएस)। घर में खुशी का माहौल था। पत्नी की सरकारी स्कूल में टीचर के रूप में नौकरी लगने की खुशी परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं थी। इसी खुशी और आस्था के साथ परिवार मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए रजरप्पा जा रहा था।

लेकिन रास्ते में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एक ही परिवार के कई सदस्यों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। जिस घर में नई शुरुआत और भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है।

झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी के पास शनिवार देर रात हुए हादसे में बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के 13 लोगों की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु स्कॉर्पियो से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटे शुभम कुमार (12) और छोटे बेटे अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन (22), सिंटू कुमार (25) और राजेश (23), बहन किरण कुमारी, किरण के पति और बेटे तथा वाहन चालक नंदन कुमार के रूप में हुई है।

विवेकानंद मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक थे। परिवार के साथ स्कूल से जुड़े लोग और रिश्तेदार भी इस यात्रा में शामिल थे। परिजनों के मुताबिक, अमृता देवी की शिक्षक पद पर नियुक्ति हुई थी। इसी खुशी में परिवार ने रजरप्पा मंदिर में पूजा करने का कार्यक्रम बनाया था। लेकिन यह परिवार के लिए आखिरी यात्रा साबित हुई। हादसे में विवेकानंद, उनकी पत्नी, मां और बच्चों समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत ने गांव में शोक की गहरी छाया डाल दी है।

इस भीषण हादसे पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।”

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम