SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सभी भारतीयों को दी विजयादशमी की...

राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सभी भारतीयों को दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

0
6

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। विजयादशमी के पावन पर्व की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं दी गई हैं।

राष्ट्रपति की ओर से उनके कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है। यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है।”

राष्ट्रपति की ओर से आगे लिखा गया, “भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है। प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे। इस पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों के सुख, आरोग्य और कल्याण की मंगलकामना करती हूं।”

वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर विजयादशमी की बधाई देते हुए लिखा गया, “दशहरा और विजयादशमी के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और दुनिया भर में बसे भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

उपराष्ट्रपति के कार्यालय के ऑफिशियल एक्स हैंडल से आगे लिखा गया, “पूरे देश में अलग-अलग रूपों में, पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाने वाले ये त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साझा सभ्यतागत मूल्यों और ‘विविधता में एकता’ की स्थायी भावना को दर्शाते हैं।”

उपराष्ट्रपति की ओर से लिखा गया, “ये हमें बुराई पर अच्छाई की शाश्वत जीत की याद दिलाते हैं और सत्य, धर्म तथा न्याय में हमारे विश्वास को और सुदृढ़ करते हैं। ये त्योहार हमारे बीच सद्भाव और भाईचारे के बंधन को मजबूत करें, और हमें एक शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करें।”