खड़गपुर, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। आरजी कर घटना पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “आरजी कर की घटना में अभी भी न्याय नहीं मिला है। निर्भया की मां ने न्याय की डिमांड की है। इस मामले में जिस किसी का भी नाम आएगा, उसको कानून के सामने आना पड़ेगा। सरकार इस पर कार्रवाई कर रही है।”
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की ओर से आरएसएस की शाखा विद्या भारती के 1,000 स्कूल खोलने की योजना पर दिलीप घोष ने खुलकर समर्थन किया।
उन्होंने कहा, “पूरे देश में करीब 30 से 40 हजार स्कूल विद्या भारती चलाती है। बंगाल में पहले राष्ट्रवादी शिक्षा व्यवस्था की अनुमति नहीं थी। पिछले 30-40 साल से विद्या भारती के लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। बंगाल में इस प्रकार की शिक्षा चाहिए। यहां की हालत बहुत खराब है। इसलिए क्वालिटी एजुकेशन देने वाली संस्था को यहां बुलाना चाहिए।”
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा था कि स्कूल खोलना आरएसएस का काम नहीं है, यह केंद्र और राज्य सरकार का काम है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा, “आरएसएस थोड़ी न स्कूल खोलता है, उसका काम तो व्यक्ति निर्माण का है। स्कूल खोलने वाली संस्था विद्या भारती है। भारतीय शिक्षा कैसी होनी चाहिए, इसका मॉडल उन्होंने खड़ा किया है। पूरा देश में पिछले 50 साल से 30-40 हजार स्कूल ये लोग चला रहे हैं। इसमें एक्सपर्ट हैं। तो ऐसे में बंगाल में भी उनका काम होना चाहिए।”
फायर सेफ्टी की वजह से टीएमसी महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी का ऑफिस खाली करने के निर्देश पर उन्होंने कहा कि कानून की कार्रवाई चल रही है। इसमें किसी को बोलने की जरूरत नहीं है, जो होगा उनको जवाब देना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा था कि यदि वह कोई भी नापाक हरकत या दुस्साहस करता है, तो भारतीय सेना उसके घर में घुसकर वार करेगी। यह बयान पीएम मोदी ने 5 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए दिया था।
इस पर दिलीप घोष ने कहा, “भारत ने इसके पहले ये करके दिखाया है। फिर भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है। अगर फिर भी ऐसी हरकतें करता है, तो उसके साथ वही होगा, जो उसके साथ करना चाहिए। पाकिस्तान कोई भी दुस्साहस दिखाएगा तो भारत पाकिस्तान में घुसकर कार्रवाई करेगा।”
