रोडरेज फायरिंग मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने वैना बुड़ाका सर्विस रोड से दबोचा

0
5

नोएडा, 11 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में पिछले महीने हुए रोडरेज और फायरिंग मामले में थाना जेवर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र जयवीर और संगीत पुत्र प्रेमवीर के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को पुलिस ने वैना बुड़ाका सर्विस रोड चौराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 अप्रैल का है। थाना जेवर क्षेत्र के अंतर्गत गांव दस्तमपुर से गांव मिल्क करीमाबाद जाने वाली सड़क पर स्थित एक सोलर कंपनी के पास हाईवा और स्विफ्ट कार चालकों के बीच साइड देने को लेकर विवाद हो गया था। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि कार में सवार युवकों ने हाईवा चालक के साथ गाली-गलौज की और फिर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए 23 अप्रैल को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए थे। इसके बाद से पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

जेवर थाने की पुलिस ने रविवार को विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अन्य आरोपियों सागर और संगीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी सागर निवासी मंगरौली रोड, कस्बा जेवर पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में विभिन्न मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, दूसरे आरोपी संगीत निवासी ग्राम थौरा पर भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रोडरेज और फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।