SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रूस की कंपनियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश की जताई इच्छा, प्राधिकरण...

रूस की कंपनियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश की जताई इच्छा, प्राधिकरण अधिकारियों के साथ की बैठक

0
2

ग्रेटर नोएडा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा की बढ़ती संभावनाओं के बीच रूस की कई कंपनियों ने यहां निवेश करने में रुचि दिखाई है। शुक्रवार को रूस की विभिन्न कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में अधिकारियों के साथ बैठक कर औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

इस दौरान रूसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक नीतियों, उपलब्ध जमीन और निवेशकों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल मौजूद रहीं।

रूस से आए प्रतिनिधिमंडल में इंजीनियरिंग एवं कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, मेडिकल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग और टेकपॉलिमर मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश के लिए उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा (आईआईटीजीएनएल) की विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में उद्योगों की स्थापना के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। यहां निवेशकों को उद्योग लगाने के लिए अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने विशेष रूप से इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप की खूबियों से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। एसीईओ ने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की सबसे स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले सिस्टम के आधार पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य निवेशकों को उद्योग स्थापित करने के लिए तैयार आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां सड़क, बिजली, पानी, सीवर और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जा चुका है। ऐसे में निवेशकों को भूखंड आवंटित होने के बाद उद्योग स्थापित करने में अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को बेहद कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है। भूखंड मिलने के बाद उद्यमी तत्काल अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। इससे निवेशकों का समय बचेगा और औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा की भौगोलिक स्थिति और कनेक्टिविटी को भी निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजदीक होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा सड़क, रेल और हवाई मार्ग से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। इससे यहां स्थापित होने वाले उद्योगों को कच्चे माल की आपूर्ति, तैयार उत्पादों के परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में सुविधा मिल सकती है। प्राधिकरण अधिकारियों से मिली जानकारी और प्रस्तुतीकरण के बाद रूसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश करने की इच्छा जताई।

प्रतिनिधिमंडल में एक्सीलरेशन इंजीनियरिंग के सीईओ, ऑरटम, टेक पॉलीमर ग्रुप की डायरेक्टर इरीना, टेक पॉलीमर ग्रुप के सीईओ अमरदीप सिंह और डायरेक्टर योगदत त्यागी शामिल रहे। इस बैठक को ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि रूसी कंपनियों की निवेश संबंधी योजनाएं आगे बढ़ती हैं तो इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल उपकरण और पॉलिमर जैसे क्षेत्रों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की संभावनाएं मजबूत होंगी।

–आईएएनएस

पीकेटी/एमएस