Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति साबरमती-बीकानेर एक्सप्रेस जल्द होगी शुरू, राजस्थान और गुजरात के बीच बढ़ेगी रेल...

साबरमती-बीकानेर एक्सप्रेस जल्द होगी शुरू, राजस्थान और गुजरात के बीच बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी

0
5

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को जल्द ही एक नई रेल सेवा की सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शीघ्र ही साबरमती (अहमदाबाद) से बीकानेर (लालगढ़) के बीच चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन दोनों राज्यों के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

साबरमती-बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस पश्चिम भारत के दो प्रमुख राज्यों को जोड़ते हुए पर्यटन, व्यापार और सामाजिक संपर्क को बढ़ावा देगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से यात्रियों को गुजरात और राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी।

गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन स्थित ऐतिहासिक रानी की वाव और अहमदाबाद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का आनंद लेने वाले पर्यटकों को अब बीकानेर, जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इसी तरह राजस्थान से गुजरात जाने वाले यात्रियों को भी सीधा और सुगम रेल विकल्प मिलेगा।

करीब 740 किलोमीटर लंबी यात्रा तय करने वाली यह ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों के साथ-साथ राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को लाभ पहुंचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़-भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ स्टेशन शामिल होंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सेवा के शुरू होने के बाद बीकानेर और साबरमती के बीच दैनिक एक्सप्रेस रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही दोनों राज्यों के बीच आर्थिक गतिविधियों, व्यापारिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलेगी।

हाल के दिनों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान को कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और नई सेवाओं की सौगात दी है। उन्होंने जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई थी और जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स का उद्घाटन किया था। इसके अलावा जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोचों के साथ संचालित करने और साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक करने की घोषणा भी की गई थी। वहीं भुज-जालोर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा के संचालन से पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों को पहली बार दिल्ली और भुज से सीधा रेल संपर्क मिला है।