जमशेदपुर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर रांची में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च भीमराव अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले एक-दो वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान कथित चुनावी अनियमितताओं को प्रमाणों के साथ उजागर किया है। कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर देशव्यापी अभियान चला रही है।
शाहदेव ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर केंद्र सरकार और भाजपा का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच संघीय व्यवस्था के तहत समन्वय होना चाहिए, लेकिन झारखंड सहित कई राज्यों के साथ केंद्र सरकार भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन सवालों पर युवाओं और आम नागरिकों का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है।
उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है। संविधान रक्षा मार्च के माध्यम से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि रांची में आयोजित मार्च में जिले से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, प्रदेश स्तरीय नेताओं, प्रखंड एवं मंडल पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों और विभिन्न मंच-मोर्चों के प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की सुबह आठ बजे साकची आमबगान मैदान से उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा प्रभारी, प्रखंड संगठन प्रभारी, मंडल संगठन प्रभारी, प्रखंड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परविंदर सिंह ने दावा किया कि संविधान रक्षा मार्च ऐतिहासिक होगा।









