SGSU Advertisement
Home राजनीति सपा के घोषणा पत्र पर पंकज चौधरी का तंज,‘सौ चूहे खाकर बिल्ली...

सपा के घोषणा पत्र पर पंकज चौधरी का तंज,‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’

0
1

महराजगंज, 27 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि घोषणा पत्र जारी करना अलग बात है और उसे लागू करना बिल्कुल अलग विषय है। सपा के घोषणा पत्र को देखकर उन्हें हंसी आती है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज सपा गुंडे-माफियाओं पर रोक लगाने की बात कर रही है, जबकि उसकी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में इन्हीं का बोलबाला रहा। ऐसे में उन्हें कहावत याद आती है कि ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को।’

महराजगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को अच्छी तरह जान चुकी है। आज सपा अपने घोषणा पत्र में गुंडे और माफियाओं पर रोक लगाने की बात कर रही है। उसे अब समझ में आ रहा है कि कानून-व्यवस्था भी समाज के लिए एक गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। यह उसी सरकार की देन है कि आज समाजवादी पार्टी भी कानून-व्यवस्था की बात करने लगी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा से पहले कई राजनीतिक दलों की सरकारें रही हैं। इनमें समाजवादी पार्टी की सरकार भी शामिल है। उन सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में गुंडों और माफियाओं का बोलबाला रहा, लेकिन आज भाजपा सरकार में गुंडे-माफिया भाग रहे हैं। पंकज चौधरी ने सपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि घोषणा पत्र जारी करना अलग विषय है और उसे जमीन पर उतारना अलग बात है। जनता समाजवादी पार्टी के शासनकाल और उसके कामकाज को देख चुकी है। ऐसे में केवल वादे करने से जनता का भरोसा हासिल नहीं किया जा सकता।

सपा के घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने समेत कर्मचारियों से जुड़े वादों पर भी पंकज चौधरी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने सपा की मंशा और उसके वादों की विश्वसनीयता पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब समाजवादी पार्टी को अच्छी तरह समझ चुकी है।

–आईएएनएस

विकेटी/एएस