SGSU Advertisement
Home राजनीति सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने...

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘लौह पुरुष’ को नमन

0
5

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उनको नमन किया।

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, “अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सरदार साहब ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी और अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार दिया। खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम हर एक देशवासी को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।”

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आधुनिक भारत के शिल्पकार के रुप में अपने दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया। देश के प्रति उनका कार्य सदियों को प्रेरित करता रहेगा। आज उनकी जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। समस्त देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं।”

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों और विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में लिखा, “आधुनिक भारत के निर्माता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रबल प्रतीक लौहपुरुष ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर उन्हें कोटिशः नमन अर्पण करता हूं। आज ‘एक भारत और श्रेष्ठ भारत’ की बात जब हम करते हैं तो इसकी संकल्पना में ‘सरदार साहब’ की दूरदर्शी सोच और उनके अद्वितीय प्रयास हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सभी सरदार पटेल जी के सपनों का भारत बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। देश को एक सूत्र में पिरोने और इसे अखंड भारत बनाने के लिए एक कृतज्ञ राष्ट्र आपका सदैव ऋणी रहेगा।”