SGSU Advertisement
Home मनोरंजन स्क्रिप्ट तभी पूरी होती है, जब हर सवाल का जवाब मिल जाए...

स्क्रिप्ट तभी पूरी होती है, जब हर सवाल का जवाब मिल जाए : फरहान अख्तर

0
1

पणजी, 27 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता फरहान अख्तर हाल ही में 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पैनल डिस्कशन में फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने आसान शब्दों में बताया कि स्क्रिप्ट कैसे बनती है और आखिर तक कैसे बदल जाती है।

उन्होंने कहा, “कई बार ऐसा होता है कि आप कुछ लिखना शुरू करते हैं, जो शुरू में बहुत अच्छा लगता है, लेकिन जैसे-जैसे लेखक कहानी की गहराई में जाता है, तो उसे पता चलता है कि आइडिया बहुत छोटा है। कहानी तब तक पूरी नहीं होती है, जब तक फिल्म बनाने वाले इंसान के हर सवाल का जवाब न मिल जाए और यह सब शूटिंग के दिन तक चलता रहता है।”

उन्होंने आगे कहा, “और जब शूटिंग के बीच टेक्नीशियन या एक्टर सीन को लेकर कोई सवाल पूछ लेता है और जवाब न आए, तो फिर लगने लगता है कि इस सीन की जरूरत क्यों है? ये क्यों जरूरी है? एक्टर ये डायलॉग क्यों बोल रहा है? और हम सबने ये झेला हुआ है।”

उन्होंने किताब और फिल्म में फर्क समझाते हुए कहा, “लेखक किताब अकेले में लिखकर खत्म कर देता है और फिर लोग उसे अपनी कल्पना से समझते हैं, लेकिन फिल्म में सब कुछ ऑडियो और वीडियो में देखने को मिलता है। फिल्म देखते वक्त लोगों को घर, गाड़ी या किरदार के बारे में कल्पना नहीं करनी पड़ती है। इसलिए फिल्म का काम शुक्रवार वाले दिन तक चलता रहता है। कई बार ऐसा भी हुआ है कि रिलीज से 10 दिन पहले इंडस्ट्री या दोस्तों-परिवार के लिए स्क्रीनिंग रखी गई। उन्होंने कोई ऐसी बात बता दी, जो फिल्म बनाने वालों ने कभी सोची ही नहीं थी और फिर हमने बदलाव भी किया। इसलिए ये हमेशा काम चलता ही रहता है।”

अभिनेता का कहना है एक निर्देशक के तौर पर आपको अपना दिमाग खोलकर रखना होता है कि फिल्म थोड़ा और बेहतर तरीके से बने। उन्होंने कहा, “फिल्म बेहतर बनाने के लिए अच्छा आइडिया कहीं से भी आ सकता है। एक निर्देशक को अहंकार हटाकर ये कहना होगा कि मुझे सब पता है। अगर आपके पास जवाब नहीं है, तो ‘बस ऐसे ही है’ ये कोई जवाब नहीं है। आपको लोगों को वजह देनी होती है, ताकि वो सुबह 4 बजे उठकर महीनों तक परिवार से दूर रहकर काम करें। उन्हें सिर्फ पैसों के लिए नहीं, बल्कि मकसद के साथ काम करना चाहिए। उन्हें लगना चाहिए कि ये फिल्म उतनी ही उनकी है, जितनी आपकी है।”

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि फिल्ममेकिंग तब दूसरे ही लेवल पर पहुंच जाती है, जब लोग सिर्फ आकर काम करके चले नहीं जाते, बल्कि लाइटिंग वाले से लेकर ड्रेस वाले तक, हर इंसान को लगता है कि इस फिल्म पर उनका भी हक है और मेरे लिए ये बहुत-बहुत जरूरी है।”