मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस मुद्दे पर शिवसेना के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। नेताओं का कहना है कि शरद पवार एक बहुत अनुभवी नेता हैं और अगर वे एनडीए से जुड़ते हैं, तो इसका लाभ सरकार और गठबंधन दोनों को मिलेगा। हालांकि, अंतिम फैसला सिर्फ शरद पवार ही ले सकते हैं।
नागपुर में शिवसेना के नेता संजय निरुपम ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “शरद पवार एक बहुत अनुभवी नेता हैं। चाहे कृषि का क्षेत्र हो, सरकार का क्षेत्र हो या समग्र समझ की बात हो, वे हर क्षेत्र में गहरी जानकारी रखने वाले नेता हैं। अगर वे हमसे जुड़ते हैं, एनडीए से जुड़ते हैं, तो निश्चित तौर पर उनके अनुभव और ज्ञान का लाभ सरकार को भी मिलेगा और पूरे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को भी मिलेगा।”
संजय निरुपम ने कहा, “शरद पवार कांग्रेस के साथ कब थे? 1978 से देख लीजिए। कांग्रेस पार्टी को यह गलतफहमी रहती है कि वे उनके साथ थे जबकि वे तो कांग्रेस तोड़कर अपनी पार्टी बना चुके हैं। 1978 में कांग्रेस को तोड़कर उन्होंने अपनी सरकार बनाई थी और खुद मुख्यमंत्री बने थे। तो कांग्रेस पार्टी जो दावा कर रही है कि हमारे साथ थे, हमारे साथ थे, जी नहीं। जहां सच है, जहां देश का हित है, वहां शरद पवार खड़े रहते हैं।”
वहीं, मुंबई में शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की संभावना पर कहा कि शरद पवार की पार्टी एनडीए में शामिल होगी या नहीं, यह सिर्फ शरद पवार ही बता सकते हैं। यह उनका मात्र और एकमात्र विशेषाधिकार है, इसके ऊपर हम कोई चर्चा नहीं कर सकते।
कृष्णा हेगड़े ने कहा कि शिवसेना ने कभी भी एनसीपी के बारे में बात नहीं की। उनके आंतरिक मामलों के बीच में तीन साल हमने कभी बात नहीं की, न ही हम बात करना चाहते हैं। हालांकि अगर शरद पवार इतने वरिष्ठ नेता हैं और उनका 60 साल का राजनीतिक अनुभव है, एनडीए में आते हैं तो उनका स्वागत होगा और उनका एनडीए को बिल्कुल फायदा मिलेगा और हम उनका स्वागत करेंगे।











