बीजिंग, 17 नवंबर (आईएएनएस)। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) के 33वें अनौपचारिक नेताओं के शिखर सम्मेलन से ठीक पहले, 16 नवंबर को चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) द्वारा एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक दिल से एशिया-प्रशांत, मिलकर भविष्य का निर्माण- सीएमजी मीडिया समारोह” नाम के इस कार्यक्रम में दुनिया के 62 देशों के 69 मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान विदेशी मेहमानों ने चीनी मीडिया, उद्योग जगत और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों के साथ तकनीकी नवाचार और मीडिया सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की, जिससे आपसी सहयोग पर आम सहमति बनी और साझा विकास को नई गति मिली।
इस महत्वपूर्ण समारोह में कई बड़े चीनी और विदेशी गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इनमें चाइना मीडिया ग्रुप के उप महानिदेशक छी चूछ्वान, क्वांगतोंग प्रांतीय पार्टी समिति के प्रचार विभाग के उप निदेशक और प्रांतीय सूचना कार्यालय के निदेशक छन श्यावेई, मेक्सिको के राष्ट्रीय सार्वजनिक सांस्कृतिक टेलीविजन के महानिदेशक सेपेडा, ब्लूमबर्ग के एशिया क्षेत्र के सह-प्रमुख ल्यू यूए, तास समाचार एजेंसी की शांगहाई शाखा के प्रमुख आंद्रेई पोपोव और ग्री इलेक्ट्रिक की अध्यक्ष तोंग मिंगचू प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छी चूछ्वान ने कहा कि एपीईसी बैठक से पहले इस समारोह का आयोजन करना एक बेहद रचनात्मक कदम है। इसका मकसद राष्ट्रपति शी चिनफिंग के ‘एशिया-प्रशांत साझा भविष्य समुदाय’ के विचार को आगे बढ़ाना और इस क्षेत्र की समृद्धि व विकास में मीडिया की ताकत का योगदान देना है।
उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि मीडिया होने के नाते हमारी यह बड़ी जिम्मेदारी है कि हम इस साझा समुदाय के महत्व और इसकी उपलब्धियों को दुनिया के सामने रखें। एशिया-प्रशांत के मीडिया को खुले सहयोग की आवाज को बुलंद करना चाहिए और नवाचार व विकास की बदलती तस्वीर को जीवंत रूप से पेश करना चाहिए, ताकि पूरी दुनिया चीन के विकास की रफ्तार को महसूस कर सके और इसके खुलेपन से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठा सके।
इसी कड़ी में, क्वांगतोंग के प्रांतीय सूचना कार्यालय के निदेशक छन श्यावेई ने अपने संबोधन में कहा कि क्वांगतोंग हमेशा से सुधार और खुलेपन की नीति का अगुआ और प्रयोगशाला रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रांत का करीब दो-तिहाई व्यापार और अस्सी फीसदी से ज्यादा विदेशी निवेश एपीईसी के सदस्य देशों से ही आता है।
उनके मुताबिक, एक साझा भविष्य समुदाय बनाने के लिए सिर्फ बाजार और व्यापार को जोड़ना काफी नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों को जोड़ना भी उतना ही जरूरी है, और यही मीडिया का असली मिशन भी है।
वहीं, मेक्सिको के राष्ट्रीय सार्वजनिक सांस्कृतिक टेलीविजन के महानिदेशक सेपेडा ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से मेक्सिको और चीन भले ही एक-दूसरे से काफी दूर हों, लेकिन पहाड़ों और समुद्रों के पार से भी दोनों देश एक-दूसरे से दिल से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि उनका संस्थान लंबे समय से चीन के विकास पर नजर रख रहा है और दोनों देशों की दोस्ती की कहानियां लोगों तक पहुंचा रहा है। इसके साथ ही, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संयुक्त फिल्म निर्माण के जरिए सीएमजी के साथ उनकी मित्रता और भी गहरी हुई है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)


