मध्य प्रदेश: सिंगरौली से अपहृत 2 वर्षीय मासूम बालिका झारखंड से बरामद

0
4

सिंगरौली, 19 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से अपहृत की गई दो साल की मासूम बेटी को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर झारखंड से बरामद कर लिया है। साथ में आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ बस स्टैण्ड बैढ़न में सोया हुआ था। देर रात नींद खुलने पर उसकी पुत्री वहां नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त की गई।

सूचना पर थाना बैढ़न में प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज केएम के निर्देशन में विशेष एसआईटी गठित की गई। उप पुलिस अधीक्षक रोशनी पटेल सहित थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में लगभग 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 10 विशेष टीमों को बालिका की तलाश में लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा अपहृता एवं आरोपी की जानकारी देने पर 10 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा भी की गई। अपहृत बालिका की तलाश के लिए जिले सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों के पुलिस थानों को रेडियो संदेश दिया गया और बैढ़न, विंध्यनगर, मोरवा, बरगवां एवं माड़ा क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, अस्पतालों, डैम, नदियों एवं सुनसान स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस ने लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का परीक्षण किया गया और बालिका के फोटो पम्पलेट सार्वजनिक स्थानों, ऑटो एवं बसों में चस्पा कर सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्रसारित किए गए।

सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण करने पर पुलिस को एक संदेही व्यक्ति को बालिका के साथ बैढ़न से बिलौजी एवं आगे माजन मोड़ की ओर जाते हुए देखा गया।

संबंधित बस चालक, परिचालकों एवं ऑटो चालकों से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि संदेही व्यक्ति लातेहार (झारखंड) का निवासी है, जो बालिका को लेकर अपने गांव चला गया है। इस सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीमें तत्काल झारखंड रवाना की गईं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर दो वर्षीय अपहृत बालिका को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।