SGSU Advertisement
Home राजनीति एसआईआर पर विपक्ष फैला रहा भ्रम, चुनाव आयोग ने तथ्यों से दिया...

एसआईआर पर विपक्ष फैला रहा भ्रम, चुनाव आयोग ने तथ्यों से दिया जवाब: संजय सरावगी

0
2

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने चुनाव आयोग, एसआईआर प्रक्रिया और इंडी गठबंधन के नेताओं को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, न कि कोई राजनीतिक कार्यालय। एसआईआर चुनाव आयोग का अधिकार है और मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता में आयोजित होने वाले सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का स्वागत किया और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी सवाल उठाए।

इंडी गठबंधन के नेताओं द्वारा चुनाव आयोग से सवाल पूछने के लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मांगने के मामले पर संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। एसआईआर कराना चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र में आता है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि बिहार से ही एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी। विपक्ष के नेताओं ने तीन मतदाताओं को सुप्रीम कोर्ट ले जाकर दावा किया था कि उनके नाम एसआईआर की सूची में शामिल नहीं हैं। चुनाव आयोग ने महज 10 मिनट के भीतर स्पष्ट कर दिया कि संबंधित मतदाताओं के नाम उस विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मौजूद हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जब से जनता ने इन दलों को नकारना शुरू किया है, तब से हर चुनाव से पहले इंडी गठबंधन के नेताओं के बीच भय का माहौल बन जाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव से पहले बेवजह सवाल खड़े करता है और संवैधानिक संस्थाओं पर संदेह जताने का प्रयास करता है।

कोलकाता में आयोजित सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि भगवद्गीता का प्रचार-प्रसार होना चाहिए और इसके संदेश को आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, सनातन धर्म और भगवद्गीता में दिए गए विचारों से युवाओं को प्रेरणा मिल सकती है। यदि युवा गीता के संदेशों को समझकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करते हैं, तो यह समाज के लिए अच्छी बात होगी। उन्होंने ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताते हुए कहा कि देश में इस तरह के कार्यक्रम लगातार होने चाहिए।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पता नहीं इस किताब में कितनी सच्चाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी को अपनी किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी उल्लेख करना चाहिए था।

सरावगी ने कहा कि वर्ष 1984 में दिल्ली सहित देश के कई अन्य स्थानों पर सिख समुदाय के लोगों का नरसंहार हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में कांग्रेस के लोग शामिल थे। उनके मुताबिक, सोनिया गांधी को अपनी किताब में इस घटना और उससे जुड़े सवालों पर भी बात करनी चाहिए थी।