नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली (स्मैट) 2026 में शुक्रवार को बड़ौदा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान का विजय रथ रोका। वहीं, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश ने भी एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।
राजस्थान बनाम बड़ौदा : ग्रुप ए के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 182 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। राजस्थान की तरफ से महिपाल लोमरोर ने 33 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, मुकुल चौधरी ने 39 और रोहन राजभर ने 38 रनों का योगदान दिया। हालांकि बड़ौदा ने 183 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रसिख सलाम डार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, जितेश शर्मा ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए।
हरियाणा बनाम रेलवे : ग्रुप बी के मैच में हरियाणा ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 246 रन बनाए। यशवर्धन दलाल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 75 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, अंकित कुमार ने महज 21 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। 247 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे की पूरी टीम 180 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से रवि सिंह ने सर्वाधिक 75 रन बनाए। हरियाणा की ओर से राहुल तेवतिया ने 30 रन देकर 4 विकेट झटके, तो युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट अपने नाम किए।
हिमाचल प्रदेश बनाम पुडुचेरी: हिमाचल प्रदेश ने ग्रुप सी के मैच में पुडुचेरी को 5 विकेट से हराया। पुडुचेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 182 रन बनाए। टीम की ओर से परमेश्वरन शिवरमन ने शानदार बैटिंग करते हुए 26 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अंकित शर्मा ने 45 रन बनाए। हालांकि, हिमाचल प्रदेश ने 183 रनों के लक्ष्य को 17.5 ओवर में हासिल किया। कप्तान पुखराज मान ने 41 गेंदों में 66 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, वैभव शर्मा ने 26 गेंदों में 55 रनों का योगदान दिया।









