SGSU Advertisement
Home खेल स्मैट 2026: जमशेद आलम के यादगार स्पेल ने रेलवे को दिलाई बड़ी...

स्मैट 2026: जमशेद आलम के यादगार स्पेल ने रेलवे को दिलाई बड़ी जीत, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ ने भी मारी बाजी

0
2

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) 2026 में रविवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में विदर्भ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 5 विकेट से हराया। वहीं, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और रेलवे ने भी आसान जीत दर्ज की। रेलवे की जीत में जमशेद आलम का अहम योगदान रहा और उन्होंने अपने डेब्यू मैच में चार गेंदों में 4 विकेट झटके।

विदर्भ बनाम गुजरात: ग्रुप डी में विदर्भ और गुजरात के बीच खेले गए मैच को बारिश के चलते 13-13 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 13 ओवर में 7 विकेट खोकर 128 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से आर्य देसाई ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 41 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान उर्विल पटेल ने 16 गेंदों में 35 रन बनाए। हालांकि, विदर्भ ने एक गेंद शेष रहते हुए 129 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। टीम की ओर से कप्तान अथर्व तायडे ने 28 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि दानिश मालेवार ने 29 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया।

हिमाचल प्रदेश बनाम त्रिपुरा: ग्रुप सी के मैच में हिमाचल प्रदेश ने त्रिपुरा को 32 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल की पूरी टीम 183 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से कप्तान पुखराज मान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि एकांत सेन ने 33 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में त्रिपुरा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 151 रन ही बना सकी। लक्ष्य थरेजा ने सर्वाधिक 53 रन बनाए।

राजस्थान बनाम मिजोरम: राजस्थान ने ग्रुप ए के मैच में मिजोरम को 67 रनों से हराया। पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 224 रन बनाए। टीम की ओर से कुणाल सिंह राठौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 116 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और आठ छक्के लगाए। 225 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मिजोरम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी। टीम की ओर से चिन्मय सुतार ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए।

रेलवे बनाम सौराष्ट्र: ग्रुप बी के मैच में सौराष्ट्र ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रेलवे को 29 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 182 रन लगाए। रेलवे की तरफ से जयंत लाखन ने 39 गेंदों में 47 रन बनाए। हालांकि, इसके जवाब में सौराष्ट्र 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 153 रन ही बना सकी। सौराष्ट्र की ओर से हरवंश पंगालिया ने 61 गेंदों में 80 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। रेलवे की ओर से अपने डेब्यू मैच में जमशेद आलम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 गेंदों में चार विकेट चटकाए। वह यह मुकाम हासिल करने वाले महज तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 38 रन देकर 5 विकेट चटकाए और रेलवे की जीत में अहम भूमिका निभाई।