नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में बुधवार को विदर्भ ने हैदराबाद के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र की टीमों ने भी बाजी मारने में सफलता हासिल की।
विदर्भ बनाम हैदराबाद : ग्रुप डी के मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 195 रन बनाए। टीम की ओर से तन्मय अग्रवाल ने 24 गेंदों में सर्वाधिक 49 रन बनाए। कोडिमेला हिमतेजा ने 33 गेंदों में 41 रन बनाए। हालांकि, विदर्भ की टीम 196 रनों के लक्ष्य को 4 गेंद शेष रहते हुए हासिल करने में सफल रही। कप्तान अथर्व तायडे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए।
महाराष्ट्र बनाम हिमाचल प्रदेश : ग्रुप सी के मैच में महाराष्ट्र ने हिमाचल प्रदेश को दो विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 5 विकेट गंवाकर 145 रन बनाए। एकांत सेन ने टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। एकांत नाबाद रहे और उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, महाराष्ट्र की टीम ऋषिकेश सोनवणे की 33 गेंदों में खेली गई 42 और साहिल प्रकाश की 35 रनों की पारी के बूते आखिरी गेंद पर लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही। विक्की ओस्तवाल 18 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।
रेलवे बनाम पंजाब : रेलवे को ग्रुप बी के मैच में पंजाब के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे की पूरी टीम 19 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से सर्वाधिक 44 रन रवि सिंह ने बनाए। इसके जवाब में पंजाब ने 169 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अनमोलप्रीत सिंह ने 40 गेंदों में 78 रन बनाए, जबकि उदय ने 32 गेंदों में 73 रनों की तूफानी पारी खेली।
चंडीगढ़ बनाम राजस्थान : वानखेड़े के मैदान पर ग्रुप ए के मैच में राजस्थान ने चंडीगढ़ को 7 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ ने मनन वोहरा द्वारा खेली गई 59 रनों की अहम पारी के चलते 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 193 रन बनाए। हालांकि, राजस्थान ने 194 रनों के लक्ष्य को 17.2 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राजस्थान के लिए अभिजीत तोमर ने 42 गेंदों में 80 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कार्तिक शर्मा 17 गेंदों में 38 रन बनाकर नाबाद रहे।


