SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सुल्तानपुर लोधी में प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज, 23 नवंबर को निकलेगा...

सुल्तानपुर लोधी में प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज, 23 नवंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

0
2

कपूरथला, 21 नवंबर (आईएएनएस)। श्री गुरु नानक देव के चरण स्पर्श प्राप्त ऐतिहासिक नगरी सुल्तानपुर लोधी में गुरु साहिब के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में माथा टेका। उन्होंने गुरु चरणों में शीश नवाकर सरबत के भले, विश्व में सुख-शांति और मानवता की चढ़दी कला के लिए अरदास की। साथ ही आगामी धार्मिक समारोहों में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए सिख संगत से अपील की।

इस अवसर पर जत्थेदार ने गुरुद्वारा साहिब में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का इस धरती पर आगमन मानवता के लिए महान वरदान था। गुरु साहिब ने अज्ञानता और सामाजिक भेदभाव के अंधकार को दूर कर दुनिया को सत्य, ज्ञान, समानता, सेवा और भाईचारे का मार्ग दिखाया। सुल्तानपुर लोधी को विशेष सौभाग्य प्राप्त है कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के लगभग 14 वर्ष, 9 महीने और 13 दिन यहां बिताए। इसी पवित्र धरती से उन्होंने नाम जपने, किरत करने और वंड छकने का संदेश दिया।

जत्थेदार ने बताया कि गुरु साहिब के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 23 नवंबर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। वहीं, 24 और 25 नवंबर को गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में महान गुरमति समारोह आयोजित होंगे।

उन्होंने पंजाब सहित देश-विदेश में रहने वाली समस्त सिख संगत से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगत गुरुद्वारा श्री बेर साहिब, गुरुद्वारा श्री हट्ट साहिब और अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करे।

युवा पीढ़ी को सिख धर्म से जोड़ने पर उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही गुरुद्वारा साहिब ले जाना चाहिए और उन्हें सिख इतिहास, गुरु साहिबान की शिक्षाओं तथा धार्मिक मर्यादाओं की जानकारी देनी चाहिए। वहीं, पंजाब में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता जताते हुए उन्होंने समाज से एकजुट होकर इसके खिलाफ लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर गुरबाणी और नाम सिमरन से जोड़ना समय की जरूरत है।

अंत में जत्थेदार ने समस्त संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए विश्व में शांति, भाईचारे और सरबत के भले की अरदास की।