टी20 मुंबई लीग 2026: 1 से 13 जून तक खेला जाएगा टूर्नामेंट

0
7

मुंबई, 7 मई (आईएएनएस)। टी20 मुंबई लीग का सीजन 4 और टी20 मुंबई महिला लीग का पहला सीजन 1 से 13 जून तक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने गुरुवार को यह घोषणा की। पुरुषों और महिलाओं का टूर्नामेंट एक साथ होगा।

एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, “टी20 मुंबई लीग ने मुंबई के क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करने और उभरते हुए खिलाड़ियों को खेल के कुछ सबसे बड़े नामों के साथ खेलने का मौका देने में लगातार अहम भूमिका निभाई है। वानखेड़े स्टेडियम में पुरुषों और महिलाओं दोनों के टूर्नामेंट कराना, प्रतिभाओं के विकास के लिए और मुंबई क्रिकेट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के एमसीए की प्रतिबद्धता को दिखाता है।”

लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष राजदीप गुप्ता ने कहा, “वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का मौका कई युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा पल होगा और बतौर क्रिकेटर उनके विकास के सफर में एक जरूरी मंच होगा। स्टार स्पोर्ट्स पर लाइव टेलीकास्ट और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के साथ, खिलाड़ियों को देश भर के दर्शकों के सामने कीमती एक्सपोजर मिलेगा। फैंस पूरे टूर्नामेंट में क्रिकेट के एक रोमांचक और हाई-क्वालिटी ब्रांड की उम्मीद कर सकते हैं।”

पुरुषों के इस कॉम्पिटिशन में दुनिया के कुछ सबसे बड़े क्रिकेट नाम और शहर के सबसे होनहार उभरते खिलाड़ी शामिल होंगे। इन क्रिकेटरों में सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, आयुष म्हात्रे, अंगकृश रघुवंशी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे और अभिज्ञान कुंडू जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

पहली महिला लीग में घरेलू सर्किट के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों के साथ कुछ बड़े नाम भी शामिल होंगे, जिनमें सायली सतघरे, साइमा ठाकोर, हुमैरा काजी, टीनएज बैटिंग सेंसेशन इरा जाधव, जो नीलामी में सबसे महंगी बिकीं, सनिका चालके, और सिमरन शेख शामिल हैं।

पुरुषों की लीग में 8 टीमें हैं, जबकि महिलाओं के लिए शुरू हो रहे लीग के पहले संस्करण में 3 टीमें हिस्सा ले रही हैं।