SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव, एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम...

वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव, एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम के उद्घाटन पर पीएम मोदी बोले

0
3

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हावी है, भारत में सभ्यतागत संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव पर चर्चा हो रही है। वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव है, इसलिए इस आयोजन का महत्व और बढ़ जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहला एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम है और भारत में आए सभी अतिथियों का वह स्वागत और अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध और अशांति के बीच सभ्यतागत संवाद और आपसी संपर्क पर चर्चा करना बेहद अहम है। वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव होता है।

उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) ने अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई। पिछले वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया है। सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन संबंधों को और मजबूत कर सकता है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मंच नए विचारों को प्रोत्साहित करेगा और सांस्कृतिक सहयोग के लिए नई संभावनाएं पैदा करेगा। साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच संपर्क (पीपल-टू-पीपल कनेक्ट) की बहुत चर्चा होती है। यह ऐसी सोच और दृष्टिकोण है, जिसे हमारे पूर्वजों ने सदियों तक समृद्ध किया था।

उन्होंने प्राचीन व्यापारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने इन संपर्कों को नया विस्तार दिया। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के अनेक क्षेत्र इन प्राचीन व्यापार नेटवर्क से जुड़े थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन मार्गों पर व्यापारियों के साथ विद्वानों और बौद्ध भिक्षुओं का भी आवागमन होता था। इन यात्राओं के जरिए विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ। साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है।

उन्होंने कहा कि एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने वाला मंच बन सकता है। 21वीं सदी की तकनीक ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। जिन रास्तों पर कभी हमारे पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं अधिक आसान बना दिया है। एससीओ देशों को इन नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब ज्ञान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचता है, तो उसकी अभिव्यक्ति का तरीका बदल सकता है, लेकिन उसका प्रभाव और महत्व नहीं बदलता। ज्ञान चाहे जिस रूप में हो, वह हमेशा प्रकाश फैलाता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एससीओ देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों वर्षों की अनमोल विरासत सुरक्षित है। प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां उनके आपसी जुड़ाव के अनेक पहलुओं को सामने लाती हैं।

उन्होंने कहा कि आज तकनीक की मदद से इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर उपलब्ध हैं। सदस्य देश प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद में सहयोग कर सकते हैं। संयुक्त शोध परियोजनाओं के माध्यम से साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने लाया जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि इससे दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठा युवा दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर तरीके से समझ सकेगा।