Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध वाराणसी साइबर सेल का बड़ा एक्शन, एक साल में 103 साइबर अपराधी...

वाराणसी साइबर सेल का बड़ा एक्शन, एक साल में 103 साइबर अपराधी भेजे जेल

0
2

लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। साइबर क्राइम के बढ़ते आंकड़े पर बात करते हुए वाराणसी के एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि वाराणसी में साइबर अपराध को रोकना और इसके विरुद्ध कार्रवाई करना हमारी प्राथमिकता है।

विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर अपराध को रोकने के लिए हम दो आयामों पर काम करते हैं, एक अवेयरनेस (जागरूकता) और दूसरा क्राइम डिटेक्शन और उसमें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई। जागरूकता प्रोग्राम पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक प्रभाव यह पड़ा है कि पिछले एक वर्ष में जो साइबर अपराध के तहत फ्रॉड रकम थी, वह करीब 30 करोड़ थी। इस आंकड़े में कमी आते हुए यह इस वर्ष जून तक 17 करोड़ हो गया। उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा वाराणसी का है, जिसमें से वे लोग एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से रकम को होल्ड भी कराते हैं।

उन्होने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल से रकम को होल्ड कराने की प्रक्रिया में भी तेजी आई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 70 करोड़ रुपए में से उन्होंने 5.5 करोड़ रुपए होल्ड करा दिए हैं। इसी क्रम में आगे बढ़ते हुए उन्होंने 76 लाख रुपए रिफंड करवा दिए हैं। वहीं, जो होल्ड रकम है, उसे भी आगे रीलिज करने की संभावना है। यह प्रक्रिया में है।

उन्होंने अपने दूसरे आयाम, जिसके माध्यम से वे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं, पर कहा कि एक वर्ष में वाराणसी साइबर सेल ने 103 साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा है। ये सभी अपराधी विभिन्न 8 कॉल सेंटर से अलग-अलग प्रकार के साइबर अपराध में शामिल थे, जिनमें इन्वेस्टमेंट स्कैम, फेक जॉब, पिरामिड स्कीम आदि को चला रहे थे।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने 5 अलग-अलग मामलों में 20 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि वाराणसी प्रदेश का पहला जिला था, जिसने 2024 में साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष साइबर क्राइम से जुड़े मुकदमों के आंकड़ों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि हमारे जागरूकता अभियान के कारण साइबर अपराध से जुड़े मुकदमों के आंकड़ों में कमी आई है, चाहें वह एनसीआरपी पोर्टल पर हो या एफआईआर रजिस्ट्रेशन में। इसी के साथ उन्होंने बताया कि साइबर सेल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हाई-टेक टूल्स का इस्तेमाल करता है।