नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के विदेशी दौरे पर भारतीय अर्थव्यस्था और लोकतंत्र पर दिए बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के तौर पर जिस तरह से नेता विपक्ष जहर उगल रहे हैं, उसे ठीक नहीं माना जा सकता है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी की यह कोई नई आदत नहीं है। विदेश की धरती पर जाएंगे तो देश की प्रगति के बारे में नहीं कहते हैं। हमारी अर्थव्यवस्था अच्छा काम कर रही है। गरीबी रेखा से लोगों को बाहर निकाला है, उन्हें दिखाई नहीं देता है। पीएम मोदी और हमारी सरकार के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। इससे अपना कितना भला करते हैं, यह वे जानें, लेकिन कहीं न कहीं हमारे राष्ट्र की छवि धूमिल होती है। एक नागरिक होने के नाते, राहुल गांधी जो कर रहे हैं, वह ठीक नहीं माना जा सकता है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि अगर हम उत्तर प्रदेश की राजनीति और उसमें अखिलेश यादव की भूमिका को ध्यान से देखें, तो पाते हैं कि हर जगह अखिलेश यादव और यादव परिवार के सदस्य ही सबसे आगे हैं। असल में समाजवादी पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार द्वारा चलाया जाने वाला संगठन है, जहां हर मौका सिर्फ उसी परिवार के सदस्यों के लिए आरक्षित होता है। अखिलेश यादव परिवारवादी राजनीति के पर्याय बन गए हैं और जनता इस परिवारवाद से छुटकारा पाना चाहती है।
सोनिया गांधी की किताब में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोप पर भाजपा सांसद ने कहा कि कोई भी आत्मकथा लिखना अच्छी बात है, लेकिन आत्मकथा में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर अपनी सुविधा के अनुसार प्रस्तुत करना निश्चित रूप से गलत है। देश जानता है, इतिहास जानता है कि वीर सावरकर ने कभी माफी नहीं मांगी, किंतु सोनिया गांधी की किताब में उसका जो उल्लेख है, वह इतिहास को विकृत करता है। मुझे लगता है कि इस प्रकार की सावधानी बरतनी चाहिए, जिससे इतिहास में जो है, वही लिखें, अन्यथा न लिखें।









