SGSU Advertisement
Home राजनीति वोट चोरी पर विपक्ष जनता को कर रहा भ्रमित, शिकायत है तो...

वोट चोरी पर विपक्ष जनता को कर रहा भ्रमित, शिकायत है तो कोर्ट जाएं: प्रवीण निषाद

0
1

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता डॉ. प्रवीण कुमार निषाद ने निषाद समाज के मछुआ आरक्षण की मांग, विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोप, इंडिया ब्लॉक की बैठक और गुजरात चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि निषाद समाज लंबे समय से आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है और अब इस मुद्दे का समाधान होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गुजरात को लेकर की गई टिप्पणी का समर्थन किया।

डॉ. प्रवीण कुमार निषाद ने कहा कि डॉ. संजय कुमार निषाद के नेतृत्व में निषाद समाज ने अपनी मांगों को विभिन्न स्तरों पर उठाया है। देश की आजादी के बाद कई दशकों तक कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। अब निषाद पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और भाजपा के साथ है और समाज अपने संवैधानिक अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहा है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अलग-अलग वर्गों के लिए व्यवस्था की है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में निषाद समाज की आबादी लगभग 24.75 प्रतिशत है, फिर भी समाज को अपने आरक्षण के लिए लंबे समय से संघर्ष करना पड़ रहा है।

प्रवीण निषाद ने आरक्षण व्यवस्था में कथित विसंगति का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही बिरादरी के कुछ लोगों को सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है, जबकि उन्हें सामान्य सीट से चुनाव लड़ना पड़ता है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज की मांग पर सदन में लगातार आवाज उठाई जा रही है। उन्होंने बताया कि निषाद पार्टी के 11 विधायक हैं और मछुआ आरक्षण के मुद्दे को सदन में उठाने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और सरकार में हिस्सेदारी मिलने की जरूरत पर जोर दिया।

विपक्ष के प्रदर्शन पर भाजपा नेता ने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल को निर्वाचन आयोग से शिकायत है, तो उसे संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का सहारा लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अलग-अलग राज्यों में चुनावी परिणामों को लेकर सुविधानुसार सवाल उठाता है। विरोध के नाम पर भीड़ जुटाने से आम लोगों को परेशानी और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और यहां की व्यवस्था प्रभावित करने से किसी समस्या का समाधान नहीं होगा।

इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर प्रवीण निषाद ने विपक्षी दलों के बीच आपसी तालमेल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में कई मुद्दों पर एक-दूसरे के खिलाफ दिखाई देती हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भाजपा का विरोध करने के लिए एक मंच पर आते हैं, लेकिन आपसी मतभेदों पर उनका रुख अलग रहता है।

गुजरात चुनाव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के संदर्भ में प्रवीण निषाद ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को नकार चुकी है और भाजपा तथा एनडीए के नेतृत्व में विकास हो रहा है। उन्होंने गुजरात को विकसित प्रदेश बताते हुए उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्य होने का दावा किया। साथ ही कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार में आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है।