प्रवासी उत्सव की थीम पर आयोजित होगा तीन दिवसीय आयोजन; हिंदी, भारतीय संस्कृति, प्रवासी साहित्य और भाषा की वैश्विक पहचान पर होंगे विशेष सत्र
भोपाल : 26 नवंबर/ राजधानी भोपाल में 27 से 29 नवंबर तक विश्वरंग 2026 का आयोजन होने जा रहा है। इस बार विश्वरंग का आठवां संस्करण ‘प्रवासी उत्सव’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत सहित 21 देशों के प्रवासी भारतीय साहित्यकार, शिक्षाविद्, भाषाविद्, हिंदी प्रचारक और संस्कृतिकर्मी शामिल होंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में हिंदी के वैश्विक विस्तार, प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी की भाषाई पहचान, सांस्कृतिक कूटनीति, डिजिटल युग में हिंदी की भूमिका और प्रवासी साहित्य जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर और रवीन्द्र भवन परिसर स्थित हंस ध्वनि सभागार में आयोजित होने वाले इस उत्सव में साहित्यिक विमर्श के साथ संगीत, कविता, पुस्तक विमोचन और कला से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी। आयोजन के दौरान सात साहित्यकारों और भाषाविदों को विश्वरंग भाषा सम्मान दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
विश्वरंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने गुरुवार को होटल पलाश में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी दी। इस अवसर पर विश्वरंग के सह-निदेशक एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, सह-निदेशक एवं आरएनटीयू की प्रति कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रवासी भारतीय साहित्य एवं संस्कृति शोध केंद्र के सलाहकार-समन्वयक डॉ. जवाहर कर्नावट, विनय उपाध्याय और वनमाली कथा पत्रिका के संपादक कुणाल सिंह उपस्थित रहे।
सात विभूतियों को मिलेगा विश्वरंग भाषा सम्मान
विश्वरंग 2026 के उद्घाटन समारोह में हिंदी और भारतीय भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात विभूतियों को वर्ष 2026 का विश्वरंग भाषा सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सम्मान पाने वालों में ऑस्ट्रेलिया की मृदुल कीर्ति, डेनमार्क की अर्चना पैन्यूली और उज्बेकिस्तान की निलुफर खोद्जायेवा शामिल हैं। भारत से दामोदर खड़से (पुणे), वी.जी. गोपालकृष्णन (केरल) और अनिल जोशी (नई दिल्ली) को भी सम्मानित किया जाएगा।
27 नवंबर को आरएनटीयू परिसर में होने वाले उद्घाटन समारोह में हिंदुस्तानी प्रचार सभा, मुंबई के ट्रस्टी अरविंद डेगवेकर, केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक हितेन्द्र मिश्र, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय के उप महानिदेशक डॉ. राजेश रंजन और पद्मश्री उमाकांत गुंदेचा सहित साहित्य एवं संस्कृति जगत की हस्तियां शामिल होंगी। इसी अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के देश-विदेश के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी और हिंदी पर होगा मंथन
इस वर्ष विश्वरंग के केंद्र में प्रवासी भारतीयों की भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक पहचान रहेगी। विदेशों में रहने वाली भारतीय मूल की नई पीढ़ी हिंदी और भारतीय संस्कृति से किस तरह जुड़ी हुई है तथा बदलते वैश्विक परिवेश में भाषाई विरासत को सुरक्षित रखने की क्या चुनौतियां हैं, इन मुद्दों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
डॉ. जवाहर कर्नावट के अनुसार, आयोजन में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीयों की भूमिका, प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी में भाषा और पहचान, हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका, अंतरराष्ट्रीय संबंधों में हिंदी की उपयोगिता और डिजिटल युग में हिंदी के वैश्विक विस्तार जैसे विषयों पर सत्र होंगे।
इसके अलावा प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर, भारतीय भाषाओं की वैश्विक उपस्थिति, सांस्कृतिक कूटनीति में हिंदी की भूमिका तथा विश्वविद्यालयों में हिंदी के अंतरराष्ट्रीय अध्ययन और शोध की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
इन सत्रों में कतर, रूस, मॉरीशस, ब्रिटेन, अमेरिका, नीदरलैंड, इंडोनेशिया, इटली, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, सिंगापुर, श्रीलंका, उज्बेकिस्तान और म्यांमार सहित विभिन्न देशों के साहित्यकार, शिक्षाविद् और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
28 नवंबर को हिंदी शिक्षण और अनुवाद पर विशेष सत्र
विश्वरंग के सह-निदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि 28 नवंबर को प्रवासी भारतीय साहित्य और मुख्यधारा की हिंदी आलोचना पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विदेशों में हिंदी शिक्षण, हिंदी का आर्थिक परिदृश्य, देवनागरी लिपि का मानकीकरण, भारतीय भाषाओं के अनुवाद और प्रवासी हिंदी साहित्य के प्रकाशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता और दुनिया के विश्वविद्यालयों में हिंदी अध्ययन की संभावनाएं भी विमर्श का हिस्सा होंगी। इन सत्रों में देश-विदेश के लेखक, भाषाविद्, शोधकर्ता और शिक्षाविद् अपने अनुभव साझा करेंगे।
ध्रुपद वृंदगान से होगी शुरुआत
विश्वरंग के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार ध्रुपद वृंदगान विशेष आकर्षण रहेगा। टैगोर प्रदर्शनकारी कला केंद्र के समन्वयक विनय उपाध्याय ने बताया कि ध्रुपद गुरुकुल संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 20 भारतीय और विदेशी कलाकार वैदिक ऋचाओं तथा हिंदी की कालजयी कविताओं का सामूहिक गायन करेंगे।
इस प्रस्तुति का संयोजन पद्मश्री ध्रुपद गायक उमाकांत गुंदेचा ने किया है। शास्त्रीय संगीत और हिंदी काव्य के इस संगम को विश्वरंग के मंगलाचरण के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
21 देशों के प्रवासी साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन
विश्वरंग के दौरान साहित्यिक गतिविधियों के अंतर्गत 21 देशों के प्रवासी साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। वनमाली कथा पत्रिका के संपादक कुणाल सिंह ने बताया कि आईसेक्ट पब्लिकेशन से प्रकाशित 10 वरिष्ठ शायरों की पुस्तकों का लोकार्पण भी होगा।
इनमें बासित भोपाली, शेरी भोपाल, कैफ भोपाली और असद भोपाली जैसे शायरों की कृतियां शामिल हैं। इसके अलावा विश्वरंग फाउंडेशन की पत्रिकाओं ‘रंग संवाद’, ‘विश्वरंग संवाद’, ‘वनमाली कथा’, ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ और ‘वनमाली वार्ता’ के विशेषांकों का विमोचन किया जाएगा।
28 नवंबर को होगा अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन
विश्वरंग के दूसरे दिन की शाम कवियों के नाम रहेगी। 28 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष कवि सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कतर, कनाडा, म्यांमार और इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों से जुड़े कवि शामिल होंगे।
कवि सम्मेलन में अनूप भार्गव, लीलाधर मंडलोई, जितेन्द्र श्रीवास्तव, बलराम गुमास्ता, प्रेमशंकर शुक्ल, नुसरत मेहंदी, अनिल जोशी, बिनोद दुबे, नीतू गुजराल, शालिनी वर्मा, नीलेश रघुवंशी, सरस दरबारी, संगीता चौबे, चिन्तामणि मास्टर, शिखा वार्ष्णेय, कृष्ण कन्हैया, इंदु नांदला और ऋषि श्रृंगारी सहित अन्य कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
‘द मांगणियार सेडक्शन’ होगी प्रमुख प्रस्तुति
29 नवंबर को विश्वरंग के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष आयोजन होगा। इस दिन विश्वरंग की नई पहल ‘विश्वरंग एक्सपीरियंस’ के अंतर्गत रवीन्द्र भवन में विश्वप्रसिद्ध संगीतमय प्रस्तुति ‘द मांगणियार सेडक्शन’ आयोजित की जाएगी।
प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक और लेखक रॉयस्टन एबेल के निर्देशन में राजस्थान के मांगणियार समुदाय के 40 कलाकार राजस्थानी लोक एवं सूफी संगीत की प्रस्तुति देंगे। इसमें संगीत, प्रकाश और रंगमंच का विशेष संयोजन देखने को मिलेगा।
विश्वरंग की सह-निदेशक एवं आरएनटीयू की प्रति कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने बताया कि इस प्रस्तुति के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक संगीत विरासत को एक विशिष्ट मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी होगी
विश्वरंग के अंतिम दिन 29 नवंबर को आठवीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता 2026 आयोजित की जाएगी। आरएनटीयू और स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली यह प्रतियोगिता एसजीएसयू परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
इसमें कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 7, कक्षा 8 से 9 और कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थी चार अलग-अलग श्रेणियों में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगियों को अपनी पसंद के किसी भी विषय पर चित्र बनाने की स्वतंत्रता होगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
तीन दिनों तक चलने वाला विश्वरंग 2026 साहित्य, भाषा, संगीत और कला के माध्यम से भारत तथा दुनिया के विभिन्न देशों में बसे भारतीय समुदायों को जोड़ने का प्रयास करेगा। प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ हिंदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने से जुड़े मुद्दे इस आयोजन के केंद्र में रहेंगे।









