Tuesday, August 4, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth क्लासरूम से करियर तक का मार्गदर्शन: आरएनटीयू के ‘दीक्षारंभ’ में नए विद्यार्थियों...

क्लासरूम से करियर तक का मार्गदर्शन: आरएनटीयू के ‘दीक्षारंभ’ में नए विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत

0
11

भोपाल : 4 अगस्त/ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में मंगलवार को तीन दिवसीय ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा, शोध, नवाचार और करियर निर्माण का व्यापक रोडमैप प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आईआईएसईआर भोपाल के निदेशक प्रो. रघुवीर सिंह तोमर, आरएनटीयू के प्रो-वाईस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी, डॉ. अनिल तिवारी, डॉ. पूजा चतुर्वेदी सहित विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नए विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस दौरान हिंदी ओलंपियाड के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट इकोसिस्टम

मुख्य अतिथि प्रो. रघुवीर सिंह तोमर ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी ताकत उसका शैक्षणिक और नवाचार आधारित इकोसिस्टम होता है और आरएनटीयू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ एनसीसी, विश्वरंग, खेल, शोध और नवाचार जैसी गतिविधियों में भाग लेने के व्यापक अवसर मिलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, शिक्षकों से निरंतर सीखते रहने और मेहनत को सफलता का आधार बनाने का आह्वान किया।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और नवाचार सुविधाओं की जानकारी

प्रो-वाईस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विभाग में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं और सभी विभागों में स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के अटल इन्क्यूबेशन सेंटर का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि आरएनटीयू के विद्यार्थियों ने खेलो इंडिया सहित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के छात्र कॉमनवेल्थ गेम्स तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

गुरुदेव टैगोर के शिक्षा दर्शन पर आधारित है आरएनटीयू

कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के शिक्षा दर्शन को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों, विभिन्न समितियों और आरएनटीयू क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से अटल इन्क्यूबेशन सेंटर सहित विश्वविद्यालय में उपलब्ध नवाचार सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।

आत्मविश्वास के साथ नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत

‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, शोध, खेल, नवाचार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना है, ताकि वे पहले दिन से ही आत्मविश्वास के साथ अपनी नई शैक्षणिक यात्रा शुरू कर सकें।

आगामी सत्रों में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं, विभागों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी, जिससे वे अपने करियर के लिए बेहतर दिशा निर्धारित कर सकें।