SGSU Advertisement
Home Student & Youth मध्य भारत के स्टार्टअप्स को मिलेगा निवेशकों के सामने पहुंचने का मंच,...

मध्य भारत के स्टार्टअप्स को मिलेगा निवेशकों के सामने पहुंचने का मंच, एआईसी-आरएनटीयू में ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज का 9वां संस्करण

0
34

भोपाल : 8 अक्टूबर/ मध्य भारत में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने और शुरुआती चरण के उद्यमों को बाजार, मेंटर और निवेशकों से जोड़ने की दिशा में ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज 2026-27 का 9वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। एआईसी-आरएनटीयू (अटल इनक्यूबेशन सेंटर-रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय) और कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) द्वारा आयोजित इस पहल में चयनित स्टार्टअप्स को प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ-साथ विशेषज्ञ मेंटरशिप, निवेशकों के सामने अपना बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने और इनक्यूबेशन से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

इच्छुक स्टार्टअप्स https://www.aicrntu.com/DSC_2026 पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

इस वर्ष के चैलेंज की खास बात इसका क्षेत्रीय पिचिंग मॉडल है। चयनित स्टार्टअप्स के लिए रीजनल पिचिंग राउंड भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टार्टअप्स को ग्रैंड फिनाले में अनुभवी उद्यमियों, बिजनेस लीडर्स और निवेशकों के पैनल के सामने अपने विचार और व्यवसाय मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विजेता स्टार्टअप के लिए 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी रखा गया है।

सिर्फ पुरस्कार नहीं, स्टार्टअप को आगे बढ़ाने पर जोर

ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज का फोकस केवल विजेता चुनने तक सीमित नहीं है। शॉर्टलिस्ट किए गए स्टार्टअप्स के लिए दो महीने का मेंटरिंग प्रोग्राम रखा गया है। इस दौरान उन्हें अनुभवी उद्यमियों से मार्गदर्शन मिलने के साथ-साथ अपने बिजनेस मॉडल, बाजार रणनीति और विकास की संभावनाओं को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

एआईसी-आरएनटीयू के डायरेक्टर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि ऐसे मंचों की जरूरत इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि शुरुआती दौर में कई स्टार्टअप्स के पास विचार और उत्पाद तो होते हैं, लेकिन उन्हें सही मेंटर, बाजार तक पहुंच और निवेशकों से संवाद का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज का उद्देश्य इसी अंतर को कम करना और शुरुआती चरण के उद्यमों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं नेटवर्क उपलब्ध कराना है।

वहीं, आरएनटीयू के कुलगुरु डॉ. आर.पी. दुबे ने कहा कि ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज युवाओं के नवाचार को अवसर देने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि नए उद्यमियों को सही मार्गदर्शन, नेटवर्क और निवेशकों तक पहुंच उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे मध्य भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति मिलेगी।

चैलेंज के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा चयनित व्यवसायों को प्रमुख इनक्यूबेशन सेंटरों के साथ जुड़ने का अवसर भी मिल सकता है। इस तरह प्रतियोगिता को केवल एक पिचिंग इवेंट के बजाय स्टार्टअप्स की आगे की यात्रा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनाने का प्रयास किया गया है।

मध्य प्रदेश के बाहर के स्टार्टअप्स भी कुछ शर्तों के साथ पात्र

चैलेंज में भाग लेने के लिए कुछ निर्धारित पात्रता मानदंड रखे गए हैं। आवेदन करने वाले उद्यम का पंजीकरण 1 जून 2022 से पहले का नहीं होना चाहिए और उसका वार्षिक टर्नओवर एक करोड़ रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए। स्टार्टअप का पंजीकृत कंपनी के रूप में Pvt. Ltd. या LLP होना आवश्यक है।

मध्य प्रदेश में पंजीकृत कंपनियों के लिए कंपनी का पंजीकरण राज्य में होना चाहिए। वहीं, मध्य प्रदेश के बाहर पंजीकृत कंपनी भी पात्र हो सकती है, यदि उसका इनक्यूबेटर मध्य प्रदेश में स्थित है।

इस पहल को एआईसी-आरएनटीयू (अटल इनक्यूबेशन सेंटर-रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय) से जुड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के साथ-साथ विभिन्न उद्यमिता एवं इनक्यूबेशन संस्थाओं के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) भी इस पहल से जुड़ा है। आउटरीच पार्टनर्स में नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (National Entrepreneurship Network), वाधवानी फाउंडेशन (Wadhwani Foundation), हेडस्टार्ट (Headstart), ईचाय (eChai) तथा अन्य स्टार्टअप एवं इनक्यूबेशन नेटवर्क शामिल हैं।

ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज का 9वां संस्करण ऐसे समय में सामने आया है जब मध्य प्रदेश के छोटे शहरों और विश्वविद्यालयों से निकलने वाले उद्यमियों के लिए स्थानीय स्तर पर नेटवर्किंग, मेंटरशिप और निवेश तक पहुंच बढ़ाना स्टार्टअप इकोसिस्टम की एक अहम जरूरत बन चुका है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में क्षेत्रीय पिचिंग के जरिए चैलेंज इसी स्थानीय प्रतिभा को बड़े बिजनेस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा है।