Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में समर स्किल्स कार्निवल 2026 का भव्य समापन,...

स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में समर स्किल्स कार्निवल 2026 का भव्य समापन, 90 से अधिक प्रतिभागी हुए सम्मानित

0
11

भोपाल : 9 जून/ युवाओं में रचनात्मकता, नवाचार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू) द्वारा आयोजित समर स्किल्स कार्निवल 2026 का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया । एक माह तक चले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 90 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिन्हें समापन अवसर पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विश्वविद्यालय के एसजीएसयू कुलगुरु डॉ विजय कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ सीतेश कुमार सिन्हा तथा समर स्किल्स कार्निवल की संयोजक डॉ. टीना तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें एकल एवं समूह नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों एवं रचनात्मक प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें मधुबनी, मांडना, क्ले आर्ट एवं अन्य हस्तनिर्मित कृतियों को प्रदर्शित किया गया।

समारोह के दौरान समर स्किल्स कार्निवल की संपूर्ण यात्रा एवं उपलब्धियों को एक विशेष प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया गया। प्रतिभागियों एवं अभिभावकों ने अपने अनुभव व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और सकारात्मक शिक्षण वातावरण की सराहना की।

इस अवसर पर एसजीएसयू के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय में केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक एवं जीवनोपयोगी कौशल भी सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि समर स्किल्स कार्निवल जैसी पहलें युवाओं को अपनी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करती हैं, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

एसजीएसयू कुलगुरु डॉ विजय कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना और युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एसजीएसयू के कुलसचिव डॉ सीतेश कुमार सिन्हा ने कहा कि समर स्किल्स कार्निवल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। विश्वविद्यालय निरंतर ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है, जो युवाओं को उद्योग एवं समाज की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं।

समर स्किल्स कार्निवल की संयोजक डॉ. टीना तिवारी ने बताया कि कार्निवाल के दौरान प्रतिभागियों को फाइन आर्ट्स, स्टेज एंकरिंग, कटिंग एवं स्टिचिंग, मैक्रमे एवं क्रोशिया, एआई बूटकैम्प, कुकिंग एवं बेकिंग, डांस, क्रिकेट एवं फुटबॉल सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को रचनात्मक, तकनीकी एवं जीवनोपयोगी कौशलों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

समर स्किल्स कार्निवल का उद्देश्य प्रतिभागियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर अनुभवात्मक एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना था। विभिन्न इंटरैक्टिव कार्यशालाओं एवं प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मक, तकनीकी और जीवन कौशलों की गहन समझ विकसित की। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास हुआ।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रशिक्षकों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समर स्किल्स कार्निवल 2026 के माध्यम से एसजीएसयू ने एक बार फिर कौशल विकास, अनुभवात्मक शिक्षा एवं समग्र व्यक्तित्व निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।