Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का पोस्टर 100 से अधिक स्थानों...

विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का पोस्टर 100 से अधिक स्थानों पर लोकार्पित

0
3

भारत सहित 70 से अधिक देशों में होगा आयोजन, 10 लाख प्रतिभागियों का लक्ष्य

भोपाल : 8 जून/ हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार और नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व रंग फाउंडेशन (भारत) एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह महाअभियान 14 सितंबर (हिंदी दिवस) से 30 सितंबर (अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस) तक भारत सहित विश्व के 70 से अधिक देशों में आयोजित होगा।

इसी क्रम में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 के पोस्टर का लोकार्पण भोपाल स्थित स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय के वनमाली सभागार में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

पिछले वर्ष मिली थी वैश्विक सफलता

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में आयोजित विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में भारत सहित अनेक देशों के लाखों विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने भाग लिया था। ओलंपियाड के विजेताओं को भोपाल में आयोजित विश्व रंग महोत्सव में सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया था। पिछले वर्ष ओलंपियाड का शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पोस्टर लोकार्पण एवं वेबसाइट के उद्घाटन के साथ किया गया था।

सौ से अधिक केंद्रों पर एक साथ हुआ पोस्टर विमोचन

विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का पोस्टर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर सहित आईसेक्ट समूह के 100 से अधिक केंद्रों पर एक साथ समारोहपूर्वक लोकार्पित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय और विश्व रंग फाउंडेशन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षाविद् एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पोस्टर लोकार्पण से पूर्व विश्व रंग फाउंडेशन में विश्व रंग के निदेशक संतोष चौबे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ओलंपियाड की तैयारियों और वैश्विक विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में इस वर्ष 10 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

हिंदी को वैश्विक मंच पर जोड़ने का अभियान

पोस्टर लोकार्पण के अवसर पर विश्व रंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने कहा कि विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 70 से अधिक देशों में हिंदी बोलने, पढ़ने, लिखने और हिंदी के लिए कार्य करने वाले लोगों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अपने स्वरूप और विस्तार की दृष्टि से हिंदी भाषा का अब तक का सबसे बड़ा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक अभियान बनकर उभर रहा है।

उन्होंने बताया कि भारत में कक्षा 1 से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक तथा विदेशों में लेवल-1 से लेवल-6 तक के प्रतिभागियों को छह श्रेणियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। ओलंपियाड में विजेताओं को एक करोड़ रुपये के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

एक हजार से अधिक संस्थाएं होंगी सहभागी

विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 के आयोजन में स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय (भोपाल), डॉ. सी.वी. रामन विश्वविद्यालय (बिलासपुर), आईसेक्ट विश्वविद्यालय (हजारीबाग), टैगोर अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक हजार से अधिक सहयोगी संस्थाएं सहभागी बन रही हैं।

आयोजकों के अनुसार यह ओलंपियाड केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हिंदी भाषा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और युवा पीढ़ी को अपनी भाषा-संस्कृति से जोड़ने का एक व्यापक आंदोलन है।