भोपाल/ग्वालियर, 8 जून। बिजली उपभोक्ताओं को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाया गया ‘संपर्क अभियान 2026’ उल्लेखनीय रूप से सफल रहा है। 14 मई से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के तहत भोपाल एवं ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में कुल 1422 विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 46 हजार 398 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को बिलिंग संबंधी त्रुटियों, मीटर रीडिंग, वोल्टेज समस्या, ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों, स्मार्ट मीटर, सर्विस केबल सुधार, मीटर परिवर्तन, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, भार वृद्धि, अस्थायी एवं स्थायी कनेक्शन संबंधी सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही बिजली बिलों के भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट तथा विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
भोपाल रीजन में व्यापक सहभागिता
भोपाल रीजन के विभिन्न वृत्तों में आयोजित शिविरों में हजारों उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। हरदा वृत्त में सर्वाधिक 7,471, नर्मदापुरम वृत्त में 5,887, बैतूल वृत्त में 4,984, रायसेन वृत्त में 3,020 तथा शहर वृत्त भोपाल में 2,833 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त विदिशा, सीहोर, राजगढ़ और भोपाल ग्रामीण वृत्तों में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को त्वरित सेवाएं प्रदान की गईं।
ग्वालियर रीजन में भी मिला सकारात्मक प्रतिसाद
ग्वालियर रीजन के अंतर्गत आयोजित शिविरों में दतिया वृत्त में 2,721, गुना वृत्त में 2,368, शिवपुरी वृत्त में 2,120, शहर वृत्त ग्वालियर में 2,036 तथा अशोकनगर वृत्त में 1,953 उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया गया। इसके अलावा मुरैना, भिंड, श्योपुर और ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी अभियान का लाभ मिला।
शिविरों में मिली कई महत्वपूर्ण सेवाएं
संपर्क अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी), स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, बंद या खराब मीटर बदलने जैसी सेवाएं भी तत्काल प्रदान की गईं। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
सफलता की प्रेरक कहानियां
सीहोर में कृषि पंप कनेक्शन का नाम परिवर्तन हुआ तत्काल
सीहोर वृत्त के बिलकिसगंज वितरण केंद्र में आयोजित शिविर में किसान मोर सिंह रतन सिंह ने अपने स्थायी कृषि पंप विद्युत कनेक्शन के नाम परिवर्तन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। विभागीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नाम परिवर्तन की कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण कर दी। उपभोक्ता ने अभियान की सराहना करते हुए बिजली कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिवपुरी में मौके पर मिला नया बिजली कनेक्शन
शिवपुरी वृत्त के पिछोर संभाग अंतर्गत ग्राम नांद निवासी बल्लू शिवदयाल ने संपर्क अभियान शिविर में नवीन विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया। अधिकारियों ने पात्रता परीक्षण के बाद मौके पर ही नया विद्युत कनेक्शन जारी कर दिया। त्वरित सेवा मिलने पर उपभोक्ता ने संतोष व्यक्त करते हुए अभियान को जनहितकारी पहल बताया।
उपभोक्ता सेवा को नई दिशा
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का ‘संपर्क अभियान 2026’ उपभोक्ताओं और बिजली कंपनी के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ है। अभियान के माध्यम से हजारों उपभोक्ताओं को त्वरित राहत मिली और विद्युत सेवाओं के प्रति संतुष्टि का स्तर भी बढ़ा है।

