SGSU Advertisement
Home मनोरंजन मुश्ताक खान को याद कर छलके अंजन श्रीवास्तव के आंसू, बोले- ‘वह...

मुश्ताक खान को याद कर छलके अंजन श्रीवास्तव के आंसू, बोले- ‘वह परिवार की तरह थे’

0
5

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिवंगत अभिनेता मुश्ताक खान के निधन के बाद आयोजित प्रार्थना सभा में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार और उनके करीबी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस कड़ी में दिग्गज अभिनेता अंजन श्रीवास्तव उन्हें याद कर भावुक हो गए।

उन्होंने बताया कि मुश्ताक खान के साथ उनका रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं था, बल्कि दोनों एक-दूसरे के परिवार का हिस्सा बन चुके थे।

उन्होंने कहा, ”हमने इतने सालों तक साथ काम किया। हमारे बीच परिवार जैसा रिश्ता था। मेरी पत्नी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने यहां आई हैं। हम साथ खाना खाते थे और साथ समय बिताते थे, वह परिवार के सदस्य की तरह थे। अब वह बहुत दूर चले गए हैं। वह हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए।”

बता दें कि मुश्ताक खान और अंजन श्रीवास्तव ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों ने 1981 की फिल्म ‘सजाय-ए-मौत’, 1992 की ‘चमत्कार’, 1994 की ‘जज्बात’, 1995 की ‘अकेले हम अकेले तुम’ और 2002 की ‘एक और विस्फोट’ जैसी फिल्मों में स्क्रीन शेयर किया था।

दोनों ने फिल्मों के अलावा, टीवी पर भी साथ काम किया था। वे मशहूर टीवी सीरीज ‘वागले की दुनिया’ का भी हिस्सा रहे। इस शो में अंजन ने श्रीनिवास वागले का आइकॉनिक किरदार निभाया था, जबकि मुश्ताक खान मनोहर के रोल में नजर आए थे। इस शो ने दोनों कलाकारों को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई थी।

अगर अंजन श्रीवास्तव की बात करें तो उन्होंने ‘गोलमाल’, ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘मिसिसिपी मसाला’, ‘खुदा गवाह’, ‘कभी हां कभी ना’, ‘पुकार’, ‘चक दे! इंडिया’, ‘युवराज’ समेत कई फिल्मों में काम किया है। थिएटर और टीवी में भी उनका योगदान काफी लंबा रहा है।

वहीं, मुश्ताक खान ने कई दशक लंबे करियर में ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में काम किया। उनका 24 सितंबर को मुंबई में निधन हो गया था।