मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। एक्टर हर्षवर्धन राणे ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए अपनी फिल्म ‘फोर्स 3’ के को-स्टार जॉन अब्राहम के साथ 22 साल पुरानी एक तस्वीर शेयर की है। ‘सनम तेरी कसम’ के एक्टर इस पुरानी तस्वीर में जॉन के साथ पोज देते हुए बिल्कुल अलग दिख रहे हैं, जिन्हें पहचानना भी मुश्किल है।
हर्षवर्धन ने अपनी उंगली पर एक नया टैटू भी बनवाया है, जिस पर लिखा है, “यू विल गेट इट स्लोली” (तुम्हें यह धीरे-धीरे समझ में आ जाएगा)। शनिवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इस नए टैटू की एक तस्वीर शेयर की, जिसके कैप्शन में लिखा, “उन्होंने धीरे से कहा था… अपने अंदर की उस छोटी सी आवाज पर भरोसा रखो, तुम्हें सब धीरे-धीरे समझ में आ जाएगा।”
इसके बाद उन्होंने 2 दिन पहले की अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे बीच (समुद्र किनारे) पर टहलते हुए नजर आ रहे हैं। इस एल्बम की आखिरी तस्वीर हर्षवर्धन के बचपन की है, जो 32 साल पुरानी है। इससे फैंस को उनके अब तक के लंबे सफर की एक झलक देखने को मिलती है।
‘फोर्स 3’ में जॉन अब्राहम और तान्या मानिकतला मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं, जो ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ और ‘द फ्रीलांसर’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं। इस पॉपुलर फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट में जॉन एक बार फिर एसीपी यशवर्धन सिंह के किरदार में नजर आएंगे।
जॉन अब्राहम के प्रोडक्शन हाउस ‘जेए एंटरटेनमेंट’ और शील कुमार की ‘कैरोलिना कॉर्पोरेशन’ द्वारा प्रोड्यूस की जा रही ‘फोर्स 3’ के 19 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।
इस बीच, हर्षवर्धन को हाल ही में प्रोड्यूसर दीपक मुकुट की तरफ से एक शानदार ‘रेंज रोवर’ कार गिफ्ट में मिली है। यह तोहफा मिलने के बाद उन्होंने प्रोड्यूसर से अपनी 2016 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ का सीक्वल बनाने की गुजारिश की।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, “दीपक सर, मैंने कई वादे देखे हैं, लेकिन आप सबसे अलग हैं। आप सच में अपनी बात के पक्के इंसान हैं। सर, जैसे पिछले साल मैं आपके ऑफिस (सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट) के बाहर, ‘सनम तेरी कसम’ को फिर से रिलीज करने की मांग कर रहे फैंस के साथ खड़ा था, वैसे ही अगले महीने अपने जन्मदिन पर मैं उनके साथ फिर से आपके दरवाजे पर आऊंगा।”
उन्होंने कहा, “इस बार एक ही गुजारिश है: ‘सनम तेरी कसम 2’ के लिए आपकी मंजूरी चाहिए। स्क्रिप्ट और डायरेक्टर आपकी पसंद के होंगे। क्या आप मुझे और फैंस को जन्मदिन का यह तोहफा देंगे, सर?”









