SGSU Advertisement
Home कानून बॉर्डर पर बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे स्कूलों पर सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल,...

बॉर्डर पर बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे स्कूलों पर सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल, अश्विनी उपाध्याय बोले-अलगाववाद का बन रहे अड्डा

0
3

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। सीमावर्ती इलाकों में चल रहे स्कूलों और धार्मिक शिक्षण संस्थानों को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की है। उन्होंने याचिका के माध्यम से कोर्ट से केंद्र और राज्य सरकारों को सभी स्कूलों का रजिस्ट्रेशन, मान्यता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की है।

मीडिया से बात करते हुए अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में ऐसे स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनके बारे में सरकार को कोई जानकारी ही नहीं है। इन स्कूलों में क्या पढ़ाया जा रहा है, कौन सी किताबें पढ़ाई जा रही हैं, वहां पढ़ाने वाले शिक्षक कौन हैं और पढ़ने वाले बच्चे कौन हैं, इसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21-ए के तहत 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को शिक्षा का अधिकार एक मौलिक अधिकार है। इसका अर्थ यह है कि देश के हर बच्चे को एक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। हालांकि जब स्कूल ही सरकार के दायरे से बाहर होंगे, तो यह अधिकार कैसे सुनिश्चित होगा, यह बड़ा सवाल है।

इसी को आधार बनाते हुए अश्विनी उपाध्याय ने अपनी याचिका में मांग की है कि पूरे देश में जहां भी 14 वर्ष तक के बच्चे पढ़ते हैं, उन सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों का अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन किया जाए। उन्हें मान्यता दी जाए, उनका नियमन किया जाए और उनकी लगातार निगरानी की जाए ताकि यह पता चल सके कि वहां वास्तव में क्या चल रहा है।

उपाध्याय ने विशेष रूप से सीमावर्ती इलाकों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, गोवा, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों के बॉर्डर क्षेत्रों में 50 किलोमीटर के दायरे में बड़ी संख्या में ऐसे स्कूल खुल गए हैं, जो सरकार के नियंत्रण में नहीं हैं। सरकार ने उनका रजिस्ट्रेशन भी नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में आया है कि इनमें से कई संस्थानों में अवांछित चीजें पढ़ाई जा रही हैं और अवांछित गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं। स्कूल के नाम पर चल रहे ऐसे संस्थान धीरे-धीरे अलगाववाद का केंद्र बनते जा रहे हैं, जो देश की एकता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि सरकार को तत्काल निर्देश दिया जाए कि जहां भी 14 वर्ष तक के बच्चे पढ़ रहे हैं, उन सभी संस्थानों को रजिस्टर किया जाए, उन्हें मान्यता दी जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।