SGSU Advertisement
Home राजनीति सरकार की नीतियां देश के भविष्य के लिए खतरा, परिसीमन बिल का...

सरकार की नीतियां देश के भविष्य के लिए खतरा, परिसीमन बिल का करेंगे विरोध : अधीर रंजन चौधरी

0
1

मुर्शिदाबाद, 29 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि देश को बर्बादी से बचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए इस विधेयक का विरोध करना जरूरी है। कांग्रेस की ओर से सभी विपक्षी दलों से एकजुट होकर विधेयक का विरोध करने की अपील की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ती रही, तो देश का लोकतंत्र कमजोर हो सकता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी है। उसका उद्देश्य सत्ता हासिल करना ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से देश का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। इसलिए कांग्रेस इस विधेयक का विरोध कर रही है और चाहती है कि सभी विपक्षी दल मिलकर इसे रोकने का प्रयास करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं है और हर मुद्दे पर अपनी मनमानी करना चाहती है। सरकार के इसी रवैये के कारण मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी पक्षों की बात सुनना और उनकी चिंताओं को समझना जरूरी है।

मुस्लिम समुदाय की साप्ताहिक छुट्टी शुक्रवार से रविवार किए जाने के मुद्दे पर अधीर रंजन चौधरी ने देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां हर धर्म, मजहब, जाति और समुदाय के लोगों को अपने धार्मिक अधिकारों का पालन करने की स्वतंत्रता मिली हुई है।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश के प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता और समान अधिकार दिए हैं। भारत की पहचान एक ऐसे देश के रूप में है, जहां सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान किया जाता है। मुस्लिम समुदाय के लिए शुक्रवार का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इस दिन लोग सामूहिक रूप से नमाज अदा करते हैं। इसी तरह हिंदू, ईसाई और सिख समुदायों के अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाज और परंपराएं हैं।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हिंदू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव और मंगलवार का दिन भगवान हनुमान की पूजा के लिए विशेष माना जाता है। इसी तरह ईसाई समुदाय के लिए रविवार और सिख समुदाय के लिए गुरुद्वारे तथा धार्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है। ऐसे में किसी एक समुदाय की धार्मिक परंपरा या सुविधा में हस्तक्षेप करने से सामाजिक असंतोष और विभाजन बढ़ सकता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यहां हर वर्ग और समुदाय के लोगों को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है। यही विविधता भारत को दुनिया में अलग पहचान दिलाती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार किसी विशेष धार्मिक अवसर पर छुट्टी घोषित करने की बात करती है और बाकी समुदायों की परंपराओं को नजरअंदाज करती है तो इससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकार को सभी के अधिकारों और सुविधाओं का ध्यान रखना चाहिए। भारत की एकता और लोकतंत्र की मजबूती इसी में है कि हर समुदाय को समान सम्मान और स्वतंत्रता मिले।