नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वयंसेवकों की ओर से दिल्ली में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और संगठन के प्रति समर्पण का संदेश दिया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मोहन भागवत के संबोधन को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। वहीं सांसद मनोज तिवारी ने ‘राष्ट्र पहले’ की भावना को दोहराया।
आरएसएस के ‘राष्ट्र वंदनम्’ समागम में भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, “मोहन भागवत का संबोधन अत्यंत प्रेरणादायक रहा। आज के मुख्य अतिथि, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने उनके द्वारा उठाए गए बिंदुओं को स्पष्ट रूप से समझाया है। उन्होंने संघ के बारे में व्यक्त किए गए विचारों पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। मेरा मानना है कि यदि देश में किसी को भी संघ के बारे में थोड़ी सी भी गलतफहमी है, तो भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश के संबोधन के बाद उस पर कहने के लिए बहुत कम रह जाता है।”
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर, शताब्दी वर्ष में, केवल एक ही भावना है: राष्ट्र पहले, और हम सभी देश के लिए काम करेंगे।
इसके अलावा परिसीमन विधेयक पर उन्होंने कहा, “कल एक ऐतिहासिक विधेयक आ रहा है और वह पारित होगा। हम सभी से अपील करते हैं कि एक साथ आएं और इसे पारित करें।”
भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि ये लोगों की प्रेरणा के लिए होता है। लोग अपनी रोटी सेंकने के लिए उनकी (मोहन भागवत) की निंदा करते हैं। संघ का काम व्यक्ति निर्माण, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के निर्माण का है और हम सब एक हैं, ये संदेश देता है। आज के समय में दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति भारत के पास है। स्वयं सेवक जिन लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाए हैं, जिनको इसकी जानकारी नहीं है, सोशल मीडिया के माध्यम से जो लोग नैरेटिव बनाने की कोशिश करते हैं, उनके लिए कहना है कि हम राष्ट्र के निर्माण में लगे हुए हैं, हमें सतत आगे बढ़ते रहना है।
102 वर्षीय रिटायर्ड लेफ्टिनेंट आर. माधवन पिल्लई, जो इंडियन नेशनल आर्मी (आजाद हिंद फौज/आईएनए) के सदस्य थे, ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ 1942 में मैं इसमें शामिल हुआ था। मैं बहुत खुश हूं। मैं 1926 में जन्म लिया था और 1925 में आरएसएस की स्थापना हुई थी। मुझे सिर्फ एक साल बड़ा है आरएसएस। आरएसएस और आईएनए में कोई फर्क नहीं, देश के लिए सब कुर्बान करना है। इसी देश की आजादी के लिए 26 हजार लोगों ने खून बहाया था।











